पलामू: बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का फूटा गुस्सा, पीएम मोदी का फूंका पुतला

Palamu: देश में लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों और आसमान छूती महंगाई के विरोध में पलामू जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार...

Palamu: देश में लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों और आसमान छूती महंगाई के विरोध में पलामू जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डालटनगंज के प्रसिद्ध छह मुहान चौक पर एकत्रित होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की आर्थिक नीतियों की तीखी आलोचना की और कहा कि सरकार आम जनता को राहत देने के बजाय केवल खोखले आश्वासन दे रही है. मध्यम और गरीब वर्ग का जीना मुहाल हो गया है.

यह भी पढ़ें: पलामू: 16 जुलाई को धूमधाम से निकलेगी भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, बड़े पैमाने पर होगा आयोजन

चुनाव खत्म होते ही पीएम मोदी के बदले सुर

पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया. पार्टी नेताओं का कहना था कि लोकसभा चुनाव से ठीक पहले प्रधानमंत्री ने देशवासियों को महंगाई बढ़ने या सोना न खरीदने जैसी कोई सलाह नहीं दी थी, लेकिन जैसे ही चुनाव की प्रक्रिया समाप्त हुई, वैसे ही महंगाई अपने चरम पर पहुंच गई. अब जनता को फिजूलखर्ची रोकने तथा सोना न खरीदने के मशवरे दिए जा रहे हैं. कांग्रेस ने इसे देश की जनता के साथ एक बड़ा धोखा करार देते हुए कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए अब ऐसे अजीबोगरीब बयान दे रही है.

संकट के समय भी वीआईपी काफिलों पर खर्च

मौके पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष विमला कुमारी ने केंद्र सरकार के दोहरे मापदंडों पर कड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि जब चुनाव चल रहे थे, उस समय भी मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में बेहद तनावपूर्ण वातावरण बना हुआ था, लेकिन इसके बावजूद भाजपा के सांसदों और विधायकों के बड़े-बड़े काफिले सड़कों पर दौड़ रहे थे और पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा था. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उस समय देश में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं दिख रही थी जो अब अचानक जनता पर बोझ डाला जा रहा है. विमला कुमारी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि इस बार देश की जनता सरकार की इस मनमानी को कतई माफ नहीं करेगी.

यह भी पढ़ें: भाई की साली से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, हाई वोल्टेज ड्रामा

जनता सिखाएगी सबक: 2029 में लहराएगा कांग्रेस का परचम

पुतला दहन कार्यक्रम के समापन पर पलामू जिला कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए आगामी राजनैतिक बदलाव का दावा किया. कार्यकर्ताओं ने कहा कि वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों से देश का हर वर्ग त्रस्त हो चुका है और अब लोग बदलाव का मन बना चुके हैं. उन्होंने पूरे आत्मविश्वास के साथ कहा कि साल 2029 के आम चुनावों में एक नई और मजबूत कांग्रेस पूरे भारत में ऐतिहासिक विजय हासिल करेगी और जनता के सहयोग से राहुल गांधी देश के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे. इस विरोध प्रदर्शन में पलामू जिला कांग्रेस कमेटी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *