Palamu : पांकी थाना क्षेत्र के रतनपुर पंचायत अंतर्गत इरगु गांव स्थित डैम से बुधवार को एक बुजुर्ग का शव बरामद किया गया. मृतक की पहचान इरगु गांव निवासी 55 वर्षीय बंधु उरांव के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ डैम के पास जुट गई. सूचना मिलने पर पांकी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया. प्रारंभिक तौर पर बुजुर्ग की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस पानी में डूबने समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.

पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी मौके पर पहुंची. उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की. साथ ही उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की. इस घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है. वहीं पूरे इरगु गांव में शोक का माहौल है.
पांकी थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा.

