Giridih: जिले में संचालित विकास योजनाओं को गति देने और उनके गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में तकनीकी पदाधिकारियों एवं विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में सड़क, भवन, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई समेत विभिन्न आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई.

DC रामनिवास यादव ने कहा कि विकास योजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि आम जनता की अपेक्षाओं और सरकार की प्राथमिकताओं से जुड़ी हैं. इसलिए इनके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने तकनीकी पदाधिकारियों को नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करने और निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने का निर्देश दिया.

धीमी योजनाओं पर जताई नाराजगी

समीक्षा के दौरान लंबित और धीमी गति से चल रही योजनाओं पर DC ने नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने संबंधित एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने और अधूरी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि आम लोगों को समय पर लाभ मिल सके. बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने सभी विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि योजनाओं के निष्पादन में आने वाली समस्याओं की जानकारी समय पर जिला प्रशासन को दी जाए, ताकि उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके.
गुणवत्ता में कमी पर होगी कार्रवाई

उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कार्य में अनावश्यक विलंब, लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता को विकास कार्यों की सफलता का आधार बताते हुए आधुनिक तकनीकों और बेहतर कार्यप्रणालियों को अपनाने पर जोर दिया. बैठक में आईएएस प्रशिक्षु, जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, भवन प्रमंडल, विद्युत प्रमंडल सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.


