Palamu : मेदिनीनगर शहर के साहित्य समाज चौक स्थित तुलसी मानस मंदिर प्रांगण में मंदिर निर्माण को लेकर कार्यकारिणी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक का संचालन संचालक सत्यकेतु और संजय पांडे द्वारा किया गया. बैठक के दौरान पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर निर्माण का कार्य अत्यंत तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है. नवनिर्मित मंदिर में एक भव्य राम दरबार की स्थापना की जाएगी, जिसमें कुल सात मूर्तियां प्रतिष्ठित होंगी. इस राम दरबार में भगवान श्रीराम के साथ माता सीता, लक्ष्मण जी के अलावा हनुमान जी, गणेश जी और महर्षि वशिष्ठ जी की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी. इन सुंदर मूर्तियों का निर्माण राजस्थान के जयपुर में कुशल कारीगरों द्वारा किया जा रहा है, जिसका पूरा खर्च दानदाता सुरेश बजाज द्वारा वहन किया जा रहा है. इसके साथ ही मंदिर के मुख्य गुंबद का निर्माण उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध कारीगर अर्जुन पांडे की देखरेख में हो रहा है, जबकि मंदिर के रंग-रोगन, विशेष डिजाइन, टाइल्स और मार्बल का कार्य पश्चिम बंगाल से आए अनुभवी मिस्त्रियों द्वारा किया जा रहा है.
श्री राम चरित्र मानस और भव्य श्री राम कथा का आयोजन
बैठक में जानकारी देते हुए समिति के सचिव मनीष भिवानिया ने बताया कि इस बार संस्था का 75वां वर्ष है, जिसे बेहद खास और भव्य बनाने की तैयारी है. इस ऐतिहासिक अवसर पर तुलसी मानस मंदिर में श्री राम चरित्र मानस और भव्य श्री राम कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए विशेष रूप से वृंदावन और हरिद्वार से कथा वाचकों व विद्वानों को आमंत्रित किया जा रहा है. सचिव ने उपस्थित सदस्यों के समक्ष मंदिर के प्रगति कार्य और निर्माणाधीन परिसर की पूरी रिपोर्ट भी प्रस्तुत की. समिति ने बताया कि जो भी श्रद्धालु इस विशाल मंदिर के निर्माण और विकास कार्य में अपना सहयोग देना चाहते हैं, वे बैंक अकाउंट, चेक या फिर सीधे नगद राशि देकर समिति से रसीद प्राप्त कर सकते हैं. इसके अलावा दानदाताओं को आयकर अधिनियम (Income Tax Act) के तहत नियमानुसार छूट दिलाने की कानूनी प्रक्रिया भी समिति द्वारा अंतिम चरण में है.

समिति के पदाधिकारियों ने कहा
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि जनकल्याण के कार्यों में जनसहयोग लेना हमारी सनातन और शास्त्रीय परंपरा रही है. इस विशाल मानस मंदिर का भव्य निर्माण बिना जनसहयोग के संभव नहीं है, क्योंकि इस बड़े प्रोजेक्ट के लिए काफी बड़ी धनराशि की आवश्यकता है. समिति को पूरा विश्वास है कि श्रद्धालु और राम भक्त इस पुनीत कार्य में दिल खोलकर दान करेंगे. इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से मानस मंदिर समिति के अध्यक्ष इंजीनियर भारत सिंह, सचिव मनीष भिवानिया, कोषाध्यक्ष बसंत जायसवाल शाह, कोषाध्यक्ष पवन नेमाला, उपाध्यक्ष पीयूष ओला, श्याम वीरेंद्र प्रसाद, सह सचिव रंभा गुप्ता, जीवन लट, प्रचार प्रसार प्रभारी सतीश कुमार सुमन, आजीवन ट्रस्टी सुरेश (उदयपुर), डॉ. नारायण चंद्र अग्रवाल, बृजेश गुप्ता, संजय भगत, रवि शंकर उपाध्याय, सुरेश वर्मा, आशीष भगत, सुधीर कुमार, सरवन गुप्ता, प्रोफेसर विनोदu कुमार मिश्रा जी, जमुना प्रसाद, प्रदीप सिंह, पंकज जयसवाल और सुरेश वर्मा सहित भारी संख्या में स्थानीय राम भक्त और गणमान्य लोग उपस्थित थे.


