Palamu:जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत मालवरिया बस्ती के समीप सुनसान सड़क पर एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति से मारपीट कर उसकी बाइक और मोबाइल फोन लूटने वाले गिरोह का पुलिस ने सफल उद्भेदन किया है. हुसैनाबाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने प्रेस वार्ता कर मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना 4 जून 2026 की रात लगभग 02:30 बजे घटित हुई थी, जिसके बाद पीड़ित के आवेदन पर हुसैनाबाद थाने में मामला दर्ज किया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी हुसैनाबाद के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया था.
संलिप्त चार अपराधियों को धर दबोचा
गठित एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं का संकलन करते हुए त्वरित कार्रवाई की और घटना में संलिप्त चार अपराधियों को धर दबोचा. पकड़े गए आरोपियों में दो वयस्क अभियुक्त और दो विधि विरुद्ध बालक शामिल हैं. गिरफ्तार वयस्क अभियुक्तों की पहचान 20 वर्षीय उज्ज्वल कुमार उपाध्याय और 21 वर्षीय वसीम अख्तर के रूप में हुई है, जो दोनों हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के लोटनिया गांव के निवासी हैं. पुलिस की पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर वसीम अख्तर के घर से लूट की गई हीरो स्प्लेंडर बाइक बरामद की गई और उज्ज्वल उपाध्याय के घर से लूटा गया नथिंग कंपनी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है. प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए सभी आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और आपस में गहरे मित्र हैं.

राहगीरों को निशाना बनाया था
इन लोगों ने रात के समय सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करने की योजना बनाई थी. इस सफल छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री दिव्यांश शुक्ल, थाना प्रभारी चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह, रमण यादव और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस ने दोनोंअभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है, जबकि दोनों विधि विरुद्ध बालकों को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है.
पलामू पुलिस की अपील
प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने आम नागरिकों से विशेष अपील की है कि वे रात के समय सुनसान मार्गों पर यात्रा करते समय सावधानी बरतें. इसके साथ ही उन्होंने पलामू पुलिस की ओर से जनता से आग्रह किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपातकालीन स्थिति की सूचना तत्काल स्थानीय थाना को दें अथवा तुरंत डायल 112 सेवा का प्रयोग करें ताकि पुलिस समय पर राहत पहुंचा सके.
AlsoRead:कोडरमा, डोमचांच समेत पांच प्रखंडों में आज साढ़े चार घंटे रहेगी बिजली बाधित
