Palamu: जिले के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नाम से सोशल मीडिया पर धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है. बता दें, कुछ अज्ञात जालसाजों द्वारा DC के नाम और पद का दुरुपयोग करते हुए एक फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल IAS Dilip Pratap singh Shekhawat बनाई गई है. इस फर्जी अकाउंट के जरिए लोगों को गुमराह करने और उनसे पैसों की मांग करने की शिकायतें मिली है. इस फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से जिले के कुछ प्रशासनिक पदाधिकारियों और आम नागरिकों को इंस्टाग्राम पर संदिग्ध संदेश (मेसेज) भेजे जा रहे है. मामला संज्ञान में आते ही जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोगों को अलर्ट रहने को कहा है.

प्रशासन ने आम जनता को दी सलाह
प्रशासन ने साफ किया है कि उपायुक्त या किसी भी वरिष्ठ अधिकारी द्वारा इस तरह सोशल मीडिया पर पैसों की मांग नहीं की जाती है. इसलिए पलामू जिला प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों एवं पदाधिकारियों से यह विशेष अपील की गई है कि वे इस प्रकार के किसी भी संदिग्ध व्हाट्सएप, फेसबुक या इंस्टाग्राम संदेश पर कतई विश्वास न करें. इसके साथ ही लोगों को सचेत किया गया है कि वे किसी भी अनजान या संदिग्ध अकाउंट के साथ अपनी व्यक्तिगत या आर्थिक जानकारी साझा करने से बचें. प्रशासन ने कहा है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले किसी भी ऐसे संदेश की सत्यता की पुष्टि संबंधित कार्यालय से अवश्य कर लें ताकि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके.
ALSO READ: लोहरदगा में नहीं थम रहा जंगली हाथियों का आतंक, एक की मौत, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
