Lohardaga: जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेदाल टंगरा टोली गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई. जहां जंगली हाथी के हमले में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार बेदाल टंगरा टोली निवासी प्रतिमा उराइन अपने पति कृष्णा उरांव तथा दो बच्चों के साथ खेत में कृषि कार्य कर रही थी. इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी खेत की ओर पहुंच गया. हाथी को देखकर परिवार और आसपास मौजूद लोग इधर-उधर भागने लगे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अफरातफरी के बीच महिला का एक बच्चा खेत में ही गिर गया, लेकिन आश्चर्यजनक रूप से हाथी ने बच्चे या अन्य लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया. हालांकि, हाथी ने प्रतिमा उराइन को अपनी चपेट में ले लिया और उन्हें बुरी तरह रौंद डाला. हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग चाहकर भी महिला को बचा नहीं सके.
घटना के बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
वन विभाग से ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से जंगली हाथियों की गतिविधियां बढ़ गई हैं, जिससे लोग भय के साये में जीने को मजबूर है. खेतों में काम करने और गांव से बाहर निकलने में भी लोग डर महसूस कर रहे है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने और प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है.
सूचना मिलने के बाद वन विभाग को घटना की जानकारी दे दी गई है. बताया जा रहा है कि हाथी फिलहाल उसी इलाके में मौजूद है, जिससे ग्रामीणों में और अधिक भय बना हुआ है. प्रशासन और वन विभाग की टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है. वहीं, ग्रामीणों ने प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर हाथी के आतंक से निजात दिलाने की मांग कर रहे है.
ALSO READ: सीएम का आदेश : आमजन को पानी पिलाते दिखें पुलिस अधिकारी और कर्मी, सोशल मीडिया में दी जानकारी
