Palamu: लेस्लीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत साहद गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से एक देशी लोडेड कट्टा, चोरी की एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
मौके पर छापेमारी की
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लेस्लीगंज पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि साहद गांव में एक नवनिर्मित मकान में कुछ लोग नशा-पान कर रहे हैं. जब गश्ती दल ने मौके पर छापेमारी की, तो वहां मौजूद दो लड़के भागने में सफल रहे, जबकि दो अन्य को पुलिस ने दबोच लिया. पकड़े गए युवकों की पहचान साहद निवासी राहुल कुमार भुईयां और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनके पास से बरामद बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल कुलदीप भुईयां और जितेन्द्र भुईयां (दोनों निवासी अखौरी पतरा) ने डाल्टनगंज से चोरी की थी, जिसे वे बेचने की नीयत से छिपाकर रखे हुए थे. इसके अलावा, पुलिस द्वारा पकड़े गए लड़कों के मोबाइल फोन की जांच करने पर हथियारों के साथ तस्वीरें पाई गईं. आरोपियों की निशानदेही पर जब उनके घर में छापेमारी की गई, तो वहां से एक देशी लोडेड कट्टा बरामद हुआ. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. एक चोरी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल, एक देशी लोडेड कट्टा और दो मोबाइल. इस कार्रवाई में लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, सहायक उप-निरीक्षक हरेन्द्र पासवान, तथा लेस्लीगंज रिजर्व गार्ड एवं चालक शामिल थे.



