Palamu: जिला मुख्यालय के शहर (टाउन) थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. टाउन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिछले पांच दिनों से एक कमरे में बंधक बनाकर रखे गए युवक को सकुशल मुक्त कराया. मामले में आरोपी लेबर सप्लायर अमरेष यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है.
परिजनों की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस
पलामू के पुलिस अधीक्षक (SP) कपिल चौधरी ने प्रेस वार्ता में बताया कि गोपाल भुइयां ने टाउन थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पुत्र उपेंद्र भुइयां को अमरेष यादव नामक व्यक्ति ने कई दिनों से अपने घर में बंधक बना रखा है. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी युवक के साथ मारपीट कर रहा था और परिजनों से पैसे की मांग कर रहा था.

पाटन का रहने वाला है पीड़ित युवक
बंधक बनाया गया युवक उपेंद्र भुइयां पाटन थाना क्षेत्र के पांडेपुरा गांव का निवासी है. शिकायत मिलते ही टाउन थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने तत्काल छापेमारी की.
कमरे का ताला तोड़कर कराया गया मुक्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर में एक कमरा बाहर से बंद पाया. पुलिस ने कमरे का ताला तुड़वाया तो अंदर उपेंद्र भुइयां डरी-सहमी हालत में मिला. पुलिस ने तुरंत उसे अपनी सुरक्षा में लिया और सुरक्षित बाहर निकाला.
ALSO READ: रांची: सड़क दुर्घटना में मृत महिला के परिजनों को 34.39 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश
पूछताछ में सामने आई प्रताड़ना की कहानी
मुक्त कराए जाने के बाद उपेंद्र भुइयां ने पुलिस को बताया कि अमरेष यादव ने उसे पिछले पांच दिनों से कमरे में बंद कर रखा था. इस दौरान उसके साथ लगातार मारपीट की गई और उसके परिवार से पैसे दिलाने के लिए मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया.
3 लाख रुपये के उधार को लेकर बनाया बंधक
SP कपिल चौधरी ने बताया कि आरोपी अमरेष यादव लेबर सप्लायर (ठेकेदार) है और उपेंद्र उससे पहले से परिचित था.आरोपी का दावा था कि उपेंद्र पर उसके तीन लाख रुपये बकाया थे, इसी रकम की वसूली और परिवार पर दबाव बनाने के लिए उसने युवक को बहाने से अपने पास बुलाया और कमरे में बंधक बना लिया.


