RANCHI: रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में तैनात प्रहरी की हत्या ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. मंदिर के गर्भगृह की सुरक्षा में लगे गार्ड की हत्या की खबर से पूरे शहर में सनसनी फैल गई है. खास बात यह है कि घटनास्थल के आसपास ही विधानसभा और हाई कोर्ट जैसे अति संवेदनशील संस्थान मौजूद हैं, ऐसे में इस वारदात ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
दो दिनों में दो हत्याएं, इलाके में दहशत का माहौल
बताया जा रहा है कि पिछले दो दिनों के भीतर मंदिर के पास ही दो हत्याएं हो चुकी हैं, जिससे इलाके में भय का माहौल है. लगातार हो रही इन घटनाओं को लेकर पुलिस पर लापरवाही और नाकामी के आरोप लग रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे हाई सिक्योरिटी जोन में भी वारदात को अंजाम देने से नहीं डर रहे.
बाबूलाल मरांडी का सरकार पर हमला, कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस पूरे मामले पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने कहा कि राजधानी में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और पुलिस “सांप निकल जाने के बाद लाठी पीटने” जैसी स्थिति में पहुंच गई है. मरांडी ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन की चुप्पी अपराधियों और अयोग्य पुलिस अधिकारियों का मनोबल बढ़ा रही है.
कार्रवाई की मांग,आंदोलन की चेतावनी
मरांडी ने मुख्यमंत्री से तुरंत कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अयोग्य पुलिस अधिकारियों को हटाया जाए और एसपी-एसएसपी की जवाबदेही तय की जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भाजपा सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी.
ALSO READ: ED VS POLICE: CBI जांच के आदेश के खिलाफ दायर याचिका सुप्रीम कोर्ट ने की खारिज
