News Desk: पटना मेट्रो परियोजना ने एक अहम पड़ाव पार कर लिया है. भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक मेट्रो का सफल ट्रायल रन किया गया, जिसमें महज 10 मिनट में यह दूरी तय कर ली गई. इस दौरान मेट्रो रेलवे सुरक्षा आयुक्त नीलाभ्रा सेनगुप्ता ने अपनी टीम के साथ डाउन लाइन पर ट्रॉली से विस्तृत निरीक्षण भी किया और सुरक्षा मानकों का जायजा लिया.
ट्रायल के दौरान सुरक्षा सुविधाओं की जांच
ट्रायल रन के समय यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई. मलाही पकड़ी स्टेशन पर अग्निशमन प्रणाली, लिफ्ट, एस्केलेटर और इमरजेंसी एग्जिट जैसी सुविधाओं को विशेष रूप से परखा गया. अधिकारियों के मुताबिक, निरीक्षण की रिपोर्ट एक सप्ताह में आएगी. यदि सभी मानक सही पाए गए, तो मई महीने में इस रूट का उद्घाटन किया जा सकता है.
Read Also: Bihar News: कुख्यात पुट्टू मिश्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, पुलिस ने शुरू की ताबड़तोड़ छापेमारी
आम लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा
मलाही पकड़ी तक मेट्रो सेवा शुरू होने से राजेंद्र नगर, कंकड़बाग समेत घनी आबादी वाले इलाकों को सीधा लाभ मिलेगा. फिलहाल मेट्रो सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक संचालित हो रही है. इस विस्तार के बाद लगभग 6 किलोमीटर तक मेट्रो का दायरा बढ़ जाएगा. हालांकि, भूतनाथ और मलाही पकड़ी के बीच खेमनीचक स्टेशन पर मेट्रो का ठहराव नहीं होगा, क्योंकि यहां मीठापुर बाइपास रूट के लिए इंटरलिंक स्टेशन विकसित किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री ने दिए तेजी से काम पूरा करने के निर्देश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को शहरी विकास परियोजनाओं को तेज़ी और पारदर्शिता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने विशेष रूप से पटना मेट्रो परियोजना की प्रगति पर जोर देते हुए कहा कि मलाही पकड़ी से राजेंद्र नगर टर्मिनल तक का कार्य जल्द पूरा किया जाए. इसके साथ ही पटना रेलवे जंक्शन तक मेट्रो नेटवर्क को शीघ्र जोड़ने पर भी बल दिया गया है. आईएसबीटी, राजेंद्र नगर टर्मिनल और पटना जंक्शन के आपस में जुड़ जाने से शहर में आवागमन और भी आसान और सुगम हो जाएगा.
