Ranchi: झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर रांची के मोरहाबादी स्थित आवास में उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया. इस अवसर पर उनकी बड़ी बहू एवं भाजपा नेत्री सीता सोरेन ने परिवार के सदस्यों के साथ गुरुजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस दौरान उनकी बड़ी बेटी जयश्री सोरेन भी मौजूद रहीं.

गुरुजी के संघर्ष और सादगी आज भी लोगों को करती है प्रेरित
श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सीता सोरेन ने कहा कि शिबू सोरेन केवल उनके परिवार के अभिभावक नहीं थे, बल्कि झारखंड के करोड़ों लोगों की उम्मीद और संघर्ष का चेहरा थे. उन्होंने अपना पूरा जीवन जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के साथ-साथ राज्य के लोगों के सम्मान और हक की लड़ाई में समर्पित कर दिया. उन्होंने कहा कि गुरुजी के विचार, संघर्ष और सादगी आज भी लोगों को प्रेरित करते हैं. उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए एक ऐसी विरासत है, जिससे समाज और राज्य को दिशा मिलती रहेगी.
गुरुजी की अनुपस्थिति आज भी परिवार को हर पल महसूस होती है: सीता सोरेन
सीता सोरेन ने भावुक होते हुए कहा कि गुरुजी की अनुपस्थिति आज भी परिवार को हर पल महसूस होती है. उनसे जुड़ी यादें और उनका स्नेह हमेशा उनके साथ रहेगा. उन्होंने कहा कि गुरुजी के सपनों के अनुरूप झारखंड के विकास के लिए काम करना और उनके बताए रास्ते पर आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.



