Chakradharpur: आगामी त्योहारों के मद्देनजर रविवार को चक्रधरपुर थाना के सभागार में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में मुख्य रूप से बकरीद और शीतला माता पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया. मौके पर मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने त्योहार के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न स्थानीय समस्याओं से संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को अवगत कराया. प्रशासनिक अधिकारियों ने गंभीरता दिखाते हुए समस्याओं के त्वरित और समयबद्ध समाधान का पूरा आश्वासन दिया. ज्ञात हो कि आगामी 27 मई से रेलवे लोको कॉलोनी में भव्य शीतला माता पूजा का शुभारंभ होने जा रहा है, जिसका विधिवत समापन 2 जून को होगा. वहीं दूसरी ओर 28 मई को बकरीद का त्योहार मनाया जाएगा, जिसके तहत चक्रधरपुर के कुल 18 निर्धारित स्थानों पर बकरीद की नमाज अदा की जाएगी. एक ही समय के आसपास दोनों बड़े आयोजन होने के कारण प्रशासन और शांति समिति पूरी तरह अलर्ट मोड पर है.

यह भी पढें: गिरिडीह में 28 हाथियों का आतंक, दो रात तक दहशत में रहे ग्रामीण, ड्रोन से खदेड़कर जंगल भेजा गया झुंड
भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार
बैठक को संबोधित करते हुए नगर परिषद के उपाध्यक्ष विजय साव ने कहा कि हमारा चक्रधरपुर एक छोटा और खूबसूरत शहर है, जहां सभी वर्ग के लोग हमेशा से आपस में मिल-जुलकर रहते आए हैं. उन्होंने साफ-सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति और सुदृढ़ कानून व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारी से काम करने की बात कही. साथ ही उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि सभी लोग अपने-अपने त्योहारों को हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाकर पूरे क्षेत्र में एकता की एक मिसाल पेश करें.
सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
वहीं अंचलाधिकारी सुरेश सिन्हा ने कानूनी पहलुओं पर जोर देते हुए कहा कि सभी नागरिक उच्च न्यायालय के फैसलों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी कतई न दी जाए और किसी भी परिस्थिति में दूसरे समुदाय के धार्मिक भवनों या आस्था को ठेस पहुंचाने का प्रयास न किया जाए. थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने सुरक्षा और विधि व्यवस्था पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए निर्देश दिया कि प्रतिबंधित पशुओं की बलि पर पूर्ण रोक रहेगी. इसके अलावा, कुर्बानी के बाद बचे हुए अपशिष्ट पदार्थों को यहां-वहां फेंककर गंदगी न फैलाएं, बल्कि नगर परिषद द्वारा विशेष रूप से खोदे गए गड्ढों में ही उन्हें दफनाएं. सोशल मीडिया के संबंध में उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए अपील की कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अफवाहों को तूल न दें और न ही इन्हें अपने न्यूज या पर्सनल ग्रुप्स में साझा करें. किसी भी संदिग्ध सूचना की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित कर उसका सत्यापन कर लें, क्योंकि पुलिस हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रही है. सुरक्षा के लिहाज से सभी चिन्हित स्थानों पर पुलिस बल की मुस्तैद तैनाती की जाएगी. इस महत्वपूर्ण बैठक में अंचल अधिकारी, नगर परिषद उपाध्यक्ष विजय साव, अंचल निरीक्षक, विभिन्न वार्डों के वार्ड पार्षद, अंजुमन इस्लामिया के पदाधिकारी तथा शांति समिति के तमाम सम्मानित सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
