15 से 30 मई तक शहर से गांव तक लाभुकों का होगा सत्यापन
Ranchi : जिले में वृद्ध, विधवा एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लिये वृहत पैमाने पर अभियान चलाया जायेगा. जिसमें पेंशन लाभुकों के साथ होने वाली परेशानी या बिचौलियों के द्वारा गड़बड़ी पाये जाने पर कारवाई की जायेगी. साथ ही गलत तरीके से पेंशन का लाभ ले रहे लाभुकों का नाम काटा जाएगा. जितने दिन पेंशन लिया गया है, उसकी वसूली भी की जाएगी. इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा 15 से 30 मई तक पूरे जिले में विशेष सत्यापन अभियान चलाया जाएगा. जिला सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक ने स्पष्ट किया है कि यदि सत्यापन के दौरान कोई लाभुक अपात्र पाया जाता है या जानकारी गलत मिलती है, तो उसका पेंशन कार्ड रद्द कर दिया जाएगा. गांव से लेकर शहर तक सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा.
गांव में पंचायत सचिव और सहिया, शहर में राजस्वकर्मी करेंगे सत्यापन
ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सचिव एवं सहिया की मदद से लाभुकों का सत्यापन होगा. जबकि शहरी क्षेत्रों में राजस्व कर्मियों और अन्य कर्मचारियों की टीम घर-घर जाकर जांच करेंगे. जिला प्रशासन के अनुसार राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम पोर्टल से मिले आंकड़ों के आधार पर लाभुकों की पहचान की जाएगी. सत्यापन के दौरान लाभुकों की पात्रता, जीवित होने की स्थिति और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच होगी. जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपना भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से करा लें. तय समय में सत्यापन नहीं कराने पर भी पेंशन बंद हो सकती है और उसकी जवाबदेही संबंधित लाभुक की होगी.
ALSO READ : व्हाट्सऐप यूर्जस के लिये मेटा ने जारी किया सेक्योरिटी अलर्ट, तुरंत करें ये काम
