Ranchi: JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन में आज बॉलीवुड अभिनेता और कलाकार पीयूष मिश्रा भी शामिल हुए. पीयूष मिश्रा के पहुंचते ही आंदोलन स्थल का माहौल बदल गया. छात्रों से बातचीत के बाद उन्होंने अपना चर्चित गीत ‘आरंभ है प्रचंड’ गाकर प्रदर्शनकारियों का उत्साह बढ़ाया. गीत शुरू होते ही छात्रों ने भी उनके साथ सुर मिलाया. कुछ ही देर में पूरा प्रदर्शन स्थल तालियों और नारों से गूंज उठा.

छात्रों की हालत देखकर रांची आने का फैसला किया
पीयूष मिश्रा ने कहा कि उन्हें यहां आने के लिए किसी ने मजबूर नहीं किया और न ही किसी के बुलावे का इंतजार किया. उन्होंने कहा कि छात्रों की परेशानी और उनकी आंखों में आंसू देखने के बाद उन्हें लगा कि उनके बीच जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह अपनी कला के जरिए हमेशा युवाओं के लिए काम करते रहे हैं. ऐसे में जब युवा अपने भविष्य और रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, तो उनके साथ खड़ा होना उन्हें जरूरी लगा.

यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC आंदोलन पर कांग्रेस का भाजयुमो पर हमला, ऋषिकेश सिंह बोले- ‘छात्रों के कंधे पर राजनीति न करे भाजपा’

बारिश में डटे छात्रों की तारीफ
अभिनेता ने आंदोलन में शामिल छात्रों की मुश्किलों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बारिश और दूसरी परेशानियों के बावजूद छात्र लगातार आंदोलन में टिके हुए हैं. उनके अनुसार, यह आसान काम नहीं है. पीयूष मिश्रा ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से अपनी क्षमता के हिसाब से छात्रों की मदद भी कर रहे हैं. खाने-पीने और आर्थिक सहयोग के स्तर पर जितना संभव हो पा रहा है, वह करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह कोई बड़े उद्योगपति नहीं हैं, लेकिन जरूरत के समय अपनी तरफ से जितना हो सके, उतना साथ देना चाहते हैं.
गीत खत्म होते ही छात्रों में दिखा नया जोश
‘आरंभ है प्रचंड’ के दौरान छात्रों ने जमकर तालियां बजाईं और उनके साथ गाना गाया. गीत के बाद पीयूष मिश्रा ने छात्रों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि “तुम लोग बहुत बढ़िया कर रहे हो यार.” उनकी मौजूदगी से प्रदर्शन स्थल पर कुछ देर के लिए माहौल पूरी तरह जोशीला हो गया. छात्रों ने भी उनके समर्थन का स्वागत किया.
यह भी पढ़ें: JPSC-JSSC आंदोलन: बॉलीवुड अभिनेता पीयूष मिश्रा पहुंचे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम
‘जिंदगी में कुछ अच्छा करके जाना ही मायने रखता है’
पीयूष मिश्रा ने छात्रों से कहा कि जिंदगी हर किसी को एक दिन खत्म करनी है, लेकिन उससे पहले अगर इंसान कुछ अच्छा करके जाए तो जीवन की असली सार्थकता वहीं है. उन्होंने छात्रों के संघर्ष को इसी सोच से जोड़ते हुए कहा कि अपने अधिकार और भविष्य के लिए लड़ रहे युवाओं के साथ खड़ा होना जरूरी है.
बोले- आंदोलन का समर्थन दिल की आवाज से किया
मीडिया से बातचीत में पीयूष मिश्रा ने कहा कि किसी आंदोलन में जाना या किसी के पक्ष में खड़ा होना केवल किसी के कहने से नहीं होता, बल्कि यह अंदर से आने वाली भावना होती है. उन्होंने कहा कि दिल्ली के बड़े आंदोलन स्थलों तक पहुंचना शायद आसान हो, लेकिन देश के अलग-अलग हिस्सों से छात्र अपने अधिकारों के लिए झारखंड आकर कई दिनों से संघर्ष कर रहे हैं. उनके मुताबिक, छात्रों का इस तरह डटे रहना अपने आप में बड़ी बात है.

