Hazaribagh: जिले में इन दिनों बिजली व्यवस्था चरमराती नजर आ रही है. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लगातार हो रही कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से आम लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. खासकर छड़वा पीएसएस से जुड़े कटकमदाग फीडर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है.
लंबी फीडर लाइन बनी परेशानी की वजह
बताया जा रहा है कि कटकमदाग फीडर की लंबी लाइन और जर्जर तारों के कारण बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से नहीं हो पा रही है. इसका असर छड़वा, चतरा रोड, सिंदूर, डेमोटांड, नर्सिंग स्थान होते हुए पसई तक देखा जा रहा है. इन इलाकों में बार-बार बिजली कटौती और वोल्टेज की कमी आम समस्या बन गई है.
लो-वोल्टेज से बढ़ी दिक्कत
क्षेत्र में बिजली आपूर्ति होने के बावजूद वोल्टेज इतना कम रहता है कि घरेलू उपकरण ठीक से काम नहीं कर पाते. पंखे धीमी गति से चलते हैं, जबकि अन्य उपकरण भी प्रभावित हो रहे हैं. इससे लोगों को उमस भरी गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
पेयजल संकट भी गहराया
लो-वोल्टेज का सबसे अधिक असर पेयजल आपूर्ति पर पड़ा है. पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने के कारण पानी के मोटर नहीं चल पा रहे हैं, जिससे कई इलाकों में जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है. लोगों को पानी के लिए अतिरिक्त प्रयास करना पड़ रहा है.
सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा
बिजली समस्या को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. सोशल मीडिया पर उपभोक्ता लगातार अपनी शिकायतें साझा कर रहे हैं और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं. कई लोगों ने बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की है.
विभाग से सुधार की उम्मीद
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते फीडर लाइन की मरम्मत और रखरखाव नहीं किया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है. उन्होंने बिजली विभाग से जल्द आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके.
ALSO READ: गुमला में जमीन विवाद बना हिंसक, अंचल कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
