Simdega: जिला मुख्यालय में 28 जून को निकलने वाले मुहर्रम जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है. जुलूस के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर पुलिस केंद्र, सिमडेगा में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ ब्रीफिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता SP श्रीकांत एस. खोटरे ने की. उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.

संवेदनशील इलाकों और सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष नजर
एसपी ने जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थानों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. साथ ही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने तथा सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा.
अफवाहों से बचने की अपील, गड़बड़ी फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
एसपी ने सभी पदाधिकारियों को स्थानीय प्रशासन, शांति समिति के सदस्यों और आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सौहार्दपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या सामाजिक सौहार्द खराब करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सिमडेगा पुलिस ने जिलेवासियों से मुहर्रम का पर्व शांति, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने, प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को देने को कहा है. एसपी ने बताया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 250 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात रहेंगे.


