Bokaro: बोकारो थर्मल स्थित कोनार नदी में ऐश स्लरी बहाव का मामला एक बार फिर गरमा गया है. गुरुवार को तीन नंबर पाइपलाइन फटने के बाद नदी में भारी मात्रा में छाई बहने की सूचना पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, धनबाद क्षेत्रीय कार्यालय के निरीक्षक स्वागता महतो शुक्रवार को जांच के लिए मौके पर पहुंचे.
नदी में लगातार बहती मिली ऐश स्लरी
निरीक्षक ने सबसे पहले डीवीसी के पाइपलाइन क्षेत्र और कोनार नदी में ऐश स्लरी बहाव वाले स्थान का निरीक्षण किया. जांच के दौरान शुक्रवार को भी नदी में लगातार ऐश स्लरी बहती मिली. नदी की स्थिति देखकर निरीक्षक ने नाराजगी जताते हुए डीवीसी अधिकारियों को तत्काल मौके पर बुलाया.

Also Read: बोकारो थर्मल में छाई लदे वाहनों को रोका, चालकों से अभद्रता और धमकी का आरोप
DVC अधिकारियों से हुई पूछताछ
सूचना मिलने पर DVC के जीएम नरेश मुरस्कर और वरीय प्रबंधक (मैकेनिकल) सचिन बोदलकर समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. निरीक्षक ने एसटीपी के समीप नदी में गिर रही ऐश स्लरी का जायजा लिया और बाजारटांड़ स्थित फटे पाइपलाइन स्थल का भी निरीक्षण किया.
डीवीसी अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब सात बजे पाइप अचानक फट गया था, जिसके कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई. उनका कहना था कि शाम चार बजे तक पाइप की मरम्मत कर ली गई थी. अधिकारियों ने यह भी कहा कि वर्तमान में केवल एक पाइपलाइन चालू है और अन्य क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत स्थानीय विरोध के कारण नहीं हो पा रही है.
प्रबंधन के जवाब से संतुष्ट नहीं दिखा बोर्ड
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निरीक्षक स्वागता महतो डीवीसी प्रबंधन के जवाब से संतुष्ट नजर नहीं आए. उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि डीवीसी बोकारो थर्मल ऐसा संयंत्र बन गया है जहां बड़ी घटनाओं के बाद भी प्रदूषण बोर्ड को आधिकारिक सूचना तक नहीं दी जाती.
उन्होंने इस पूरे मामले को “आपराधिक घटना” बताते हुए कहा कि नियमों का खुला उल्लंघन किया गया है.
रांची मुख्यालय भेजी जाएगी रिपोर्ट
मीडिया से बातचीत में निरीक्षक स्वागता महतो ने कहा कि जांच में नदी में लगातार ऐश स्लरी बहाव पाया गया है. उन्होंने बताया कि पहले भी इस तरह की घटनाओं की रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जा चुकी है और इस ताजा मामले की विस्तृत रिपोर्ट भी रांची मुख्यालय को भेजी जाएगी, ताकि डीवीसी प्रबंधन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
