DVC लाइन ट्रिप होने से BSL में बिजली संकट, कई यूनिटों का उत्पादन प्रभावित

Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट में रविवार शाम करीब 35 मिनट तक ब्लैकआउट जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे संयंत्र की कई इकाइयों...

Bokaro: बोकारो स्टील प्लांट में रविवार शाम करीब 35 मिनट तक ब्लैकआउट जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे संयंत्र की कई इकाइयों का उत्पादन प्रभावित हुआ. जानकारी के अनुसार आंधी-तूफान के कारण दामोदर घाटी निगम से आने वाली बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. इसका असर प्लांट के साथ-साथ टाउनशिप क्षेत्र में भी देखने को मिला.

DVC की दो लाइनें एक साथ ट्रिप

सूत्रों के अनुसार बीएसएल को बिजली आपूर्ति करने वाली डीवीसी की दो लाइनें एक साथ ट्रिप कर गईं, जिससे संयंत्र के भीतर अचानक बिजली संकट गहरा गया. बताया जा रहा है कि एक पेड़ सप्लाई लाइन पर गिर गया, जिससे आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई और स्टील उत्पादन की पूरी श्रृंखला प्रभावित हो गई.

BPSCL ने दी बड़ी राहत

संकट के समय बोकारो पावर सप्लाई कंपनी लिमिटेड ने राहत देते हुए करीब 160 मेगावाट बिजली की आपूर्ति जारी रखी. इससे ब्लास्ट फर्नेस, कोक ओवन, स्टील मेल्टिंग शॉप और पंप हाउस जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों पर असर कम पड़ा. इन इकाइयों को बीपीएससीएल से सीधी बिजली आपूर्ति मिलती है.

Also Read: कोयला खदानों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा पर हाईकोर्ट गंभीर,मुख्य कारखाना निरीक्षक तलब

धीरे-धीरे बहाल हुई आपूर्ति

बताया गया कि डीवीसी की बिजली शाम करीब 5:50 बजे बाधित हुई. डीवीसी और बीएसएल के बीच 220 से 240 मेगावाट बिजली आपूर्ति का समझौता है. शाम 6:25 बजे एक लाइन से आपूर्ति बहाल हो गई, जिससे स्थिति में सुधार हुआ.

अलर्ट मोड में अधिकारी

खबर लिखे जाने तक एक ही लाइन से 120 से 140 मेगावाट बिजली की आपूर्ति की जा रही है, जबकि दूसरी लाइन की बहाली का काम जारी है. बीएसएल के वरिष्ठ अधिकारी अलर्ट मोड में हैं और सभी इकाइयों की लगातार निगरानी कर रहे हैं. बीपीएससीएल के एक अधिकारी ने बताया कि ब्लैकआउट की सूचना मिलते ही तत्परता से समस्या को दूर करने का काम शुरू कर दिया गया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *