रांची में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारी तेज, प्रगणकों-पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण शुरू

Ranchi: भारत जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर...

Census 2027
Census 2027

Ranchi: भारत जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को लेकर रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. उपायुक्त-सह-प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर सोमवार से जिले के चार्ज स्तर पर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया.

27 अप्रैल से 9 मई 2026 तक चलेगा कार्यक्रम

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 27 अप्रैल से 9 मई 2026 तक चलेगा. जिले के कुल 19 चार्जों में आयोजित इस प्रशिक्षण में फील्ड ट्रेनरों द्वारा प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी जा रही है. प्रशिक्षण में CMMS वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप तथा डिजिटल उपकरणों के उपयोग पर विशेष जोर दिया जा रहा है.

प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को मकान सूचीकरण, मकानों की गणना, डेटा प्रबंधन, कार्यप्रणाली तथा स्व-जनगणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया समझाई जा रही है. जिला प्रशासन का लक्ष्य जनगणना के प्रथम चरण को पूर्णतः डिजिटल, पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध तरीके से पूरा करना है.

जिला प्रशासन के अनुसार सभी प्रखंडों के चार्ज एवं नोडल पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशिक्षण की निगरानी कर रहे हैं, ताकि इसकी गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके. जिला स्तर के वरीय अधिकारी भी कार्यक्रम का निरीक्षण कर रहे हैं.

प्रमुख तिथियां

  • प्रशिक्षण अवधि: 27 अप्रैल से 9 मई 2026
  • स्व-जनगणना विकल्प: 1 मई से 15 मई 2026
  • मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना: 16 मई से 14 जून 2026

प्रगणकों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने की अपील

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और रांची जिला इसे पूरी निष्ठा व प्रोफेशनलिज्म के साथ संपन्न करेगा. उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और उच्च गुणवत्ता वाला कार्य सुनिश्चित करने की अपील की.

जनगणना से जुड़ी जानकारी, सहायता अथवा स्व-जनगणना पोर्टल के उपयोग के लिए नागरिक CMMS वेब पोर्टल एवं संबंधित मोबाइल ऐप का उपयोग कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: रांची जिला अस्मिता लीग प्रतियोगिता की शुरूआत, 400 बालिका खिलाड़ी दिखा रहीं दमखम

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *