पलामू: मेदिनीनगर में रामनवमी महापर्व के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर श्री महावीर नवयुवक दल जनरल की एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक शिवाला घाट स्थित शिव मंदिर परिसर में आयोजित की गई. बैठक में बताया गया कि संगठन के वर्तमान नेता युगल किशोर चंद्रवंशी के अस्वस्थ होने के कारण वे सक्रिय जिम्मेदारी निभाने में असमर्थ हैं. ऐसे में सर्वसम्मति से राकेश कुमार सिंह उर्फ मंगल सिंह को संगठन की कमान सौंपी गई.
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी रामनवमी महोत्सव को भव्य और अनुशासित तरीके से संपन्न कराने की जिम्मेदारी अब मंगल सिंह के नेतृत्व में पूरी की जाएगी. उनके साथ मनोहर कुमार लाली को महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है. नवनियुक्त पदाधिकारियों ने प्रशासन के साथ मिलकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ रामनवमी पर्व को सफल बनाने का संकल्प लिया.



