Ranchi : झारखंड की सियासी बिसात पर चालें चली जा चुकी हैं और अब नतीजों के नेटप्रैक्टिस का वक्त है. झारखंड राज्यसभा चुनाव के लिए विधानसभा के कमरा नंबर 42 में जैसे ही झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने अंतिम मतदाता के रूप में अपना वोट डाला, वैसे ही राज्य में 100% मतदान का नया रिकॉर्ड बन गया. सभी 81 विधायकों के वोटिंग करते ही प्रत्याशियों के दिलों की धड़कनें अब बुलेट ट्रेन की रफ्तार से दौड़ रही हैं.
चाय की चुस्की और जीत का गुणा-भाग
वोटिंग खत्म होते ही गठबंधन और एनडीए के नेता और रणनीतिकार चाय की चुस्कियों के साथ जोड़-घटाव के खेल में जुट गए हैं. हर खेमे में बस एक ही चर्चा है, कौन अंदर, कौन बाहर. विधायकों की क्रॉस वोटिंग से लेकर जीत के जादुई आंकड़े तक, हर समीकरण को खंगाला जा रहा है. नेताओं के चेहरे पर मुस्कान तो है, लेकिन अंदर ही अंदर उत्सुकता और घबराहट साफ देखी जा सकती है.
शाम 5 बजे खुलेगा किस्मत का पिटारा
शत-प्रतिशत मतदान के बाद अब सबकी नजरें शाम को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं. निर्वाचन आयोग की अनुमति मिलते ही ठीक शाम 5 बजे मतों की गिनती शुरू हो जाएगी. कुछ ही घंटों का इंतजार और बाकी है. जिसके बाद यह साफ हो जाएगा कि आखिर जीत की लॉटरी किसके नाम लगती है और देश के उच्च सदन में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका किसे मिलता है.



