Ranchi : भदानीनगर ओपी क्षेत्र में 18 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ पाया गया. घटना देवरिया पंचायत स्थित जोभिया दोहर इलाके की है. मृतक की पहचान स्थानीय निवासी विशाल मुंडा के रूप में की गई है. परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, विशाल मुंडा रविवार की रात करीब 10 बजे अपने घर से बाहर निकला था. जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला, मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने जोभिया दोहर इलाके में एक महुआ के पेड़ से फंदे के सहारे उसका शव लटकते हुए देखा. जिसके बाद पुलिस और परिजनों को इसकी सूचना दी गई.
इंस्टाग्राम चैट और आखिरी मैसेज, अपना ख्याल रखना
घटना की सूचना मिलते ही भदानीनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस के प्रारंभिक तकनीकी अनुसंधान और मोबाइल की जांच में कई चौंकाने वाले तथय सामने आए हैं. जांच के अनुसार, विशाल रविवार की रात करीब 12 बजे तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर किसी युवती से लगातार बातचीत (चैट) कर रहा था. बताया जा रहा है कि इस चैट के दौरान विशाल का अंतिम संदेश था. अपना ख्याल रखना, मेरे जैसा कोई नहीं मिलेगा. पुलिस को घटनास्थल के ठीक पास से विशाल का मोबाइल फोन बरामद हुआ है. इसके साथ ही वहां से एक खून लगा चाकू भी मिला है. जिसने इस पूरे मामले को और उलझा दिया है. शव फंदे से लटका होने और पास में खून लगा चाकू मिलने के कारण पुलिस इसे आत्महत्या और हत्या, दोनों ही दृष्टिकोणों से देख रही है.

