Koderma: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में लाइवलीहुड टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई. बैठक में जेएसएलपीएस अंतर्गत संचालित पलाश एवं एफपीओ, उद्योग विभाग अंतर्गत प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), मुख्यमंत्री सूक्ष्म एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड तथा आरसेटी द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.
अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
बैठक में सर्वप्रथम जेएसएलपीएस अंतर्गत संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन, एफपीओ के कार्यों, कोडरमा केसरिया कलाकंद स्वावलंबी सहकारी समिति तथा मडुआ एवं आलू प्रसंस्करण समिति की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस दौरान एफपीओ द्वारा तैयार किए जाने वाले विभिन्न परियोजनाओं, जैसे पक्षी बीज उत्पादन, मशरूम उत्पादन एवं मसाला उत्पादन, पर विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त ने अग्रणी जिला प्रबंधक एवं महाप्रबंधक, उद्योग विभाग को इन परियोजनाओं के लिए बेहतर एवं व्यवहारिक प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने कहा कि स्वरोजगार एवं आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए.

उपायुक्त ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाने का दिया निर्देश
इसके अतिरिक्त उद्योग विभाग अंतर्गत संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), मुख्यमंत्री सूक्ष्म एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड तथा पीएम विश्वकर्मा योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक को निर्देश दिया, कि मुख्यमंत्री सूक्ष्म एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि लाभुकों को समय पर ऋण एवं अन्य योजनाओं का लाभ मिल सके. उन्होंने कहा कि सभी पात्र लाभुकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा जिले में रोजगार सृजन के अवसरों को बढ़ावा दिया जाए.
बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन, अग्रणी जिला प्रबंधक विमल झा, महाप्रबंधक, उद्योग विभाग शंभू शरण बैठा, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रकाश बैठक, डीपीएम प्रकाश रंजन सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: कोडरमा में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस 2026 का आयोजन, विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित


