Ranchi: राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र में पैसे दोगुने करने और सचिवालय में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक महिला से 27.54 की ठगी का मामला सामने आया है. इस संबंध में बड़ा घाघरा की रहने वाली ज्योति सिंह ने डोरंडा थाना में पत्थर रोड, मनीटोला निवासी सुरेश राम और उसके दो बेटों बिट्टू व उत्कर्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. उन पर धोखाधड़ी कर ठगी और घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है.
झांसा देकर की ठगी, कर्ज लेकर पीड़िता ने दी थी राशि
पीड़िता ज्योति सिंह ने प्राथमिकी में बताया है कि अगस्त 2023 में रजनी देवी के माध्यम से उनकी मुलाकात आशा देवी (पति सुरेश राम) से हुई थी. इसके बाद सुरेश राम, उसकी पत्नी आशा देवी और उनके बेटों उत्कर्ष व बिट्टू ने पीड़िता को झांसा दिया कि वे सचिवालय में सरकारी नौकरी लगवा देंगे, बुटीक में निवेश कर मुनाफा कमाएंगे और पैसे डबल कर देंगे. उनके झांसे में आकर पीड़िता ने 3 सितंबर 2023 से 19 मार्च 2026 के बीच कुल 27.54 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए. ज्योति ने यह भारी-भरकम राशि अपने पति के नाम पर बैंक से लोन लेकर, खुद और अपनी बहन के सोने के जेवर पर गोल्ड लोन लेकर तथा महिला समिति से कर्ज उठाकर जुटाई थी. इसमें से 9.84 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए और 17.69 लाख रुपये आरोपियों को नकद दिये गये थे.

11.27 लाख अब भी बकाया, घर आकर धमकाया
जब काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी, तो पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए. दबाव बढ़ने पर आरोपियों ने अपनी पत्नी और बेटों के बैंक खातों से अलग-अलग तारीखों में कुल 16.26 लाख रुपये तो वापस कर दिए, लेकिन 11.27 लाख रुपये देने में वे लोग टालमटोल करने लगे. हद तो तब हो गई जब 10 मई 2026 की सुबह करीब 11:00 बजे आरोपी बिट्टू, उत्कर्ष और सुरेश राम पीड़िता के घर पहुंच गये. उनलोगों ने ज्योति सिंह को समाज में इज्जत खराब करने और जान से मारने की धमकी दी. धमकी देने के बाद वे लोग वापस चले गये. बाद में जब पीड़िता आरोपियों के घर गई, तो दिल्ली में रहने वाले उनके बेटे बिट्टू ने फोन पर कहा कि पैसे भूल जाओ, नहीं तो जान से मरवा देंगे. पीड़िता ने आरोपी बिट्टू पर गलत नीयत रखने का भी आरोप लगाया है.
AlsoRead:PM मोदी का ऐलान: इंडोनेशिया में खुलेगा IIM बैंगलोर का पहला विदेशी कैंपस


