Ranchi: जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन लगातार उग्र होता जा रहा है. इस आंदोलन की गूंज अब झारखंड की सीमाओं से बाहर बॉलीवुड तक पहुंच चुकी है. बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने सोशल मीडिया के माध्यम से झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है.
एक्ट्रेस ने देश में परीक्षाओं की स्थिति पर उठाए सवाल
सोनाक्षी सिन्हा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर इस प्रदर्शन से जुड़े एक कंटेंट क्रिएटर का वीडियो साझा करते हुए देश में परीक्षाओं की स्थिति पर सवाल उठाए. उन्होंने निराशा व्यक्त करते हुए लिखा, कि “हमारे देश के छात्रों को इन हालातों से गुजरता हुआ देखकर दिल दुखी होता है. आखिर ये सब कब रुकेगा?” गौरतलब है कि सोनाक्षी सिन्हा इससे पूर्व जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के दौरान भी छात्रों के पक्ष में अपनी आवाज उठा चुकी हैं.


मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू
आंदोलन के 11वें दिन छात्रों ने अपनी लड़ाई को और तेज करते हुए आमरण अनशन की शुरुआत कर दी है. मंगलवार को चार अभ्यर्थियों उम्मे हबीबा, सबिता कुमारी, राहुल और रूपेश पाल ने अपनी मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी. अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक सरकार और संबंधित आयोग उनकी मांगों पर ठोस और सकारात्मक कदम नहीं उठाते, तब तक यह अनशन जारी रहेगा.

यह भी पढ़ें: रांची: सिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध बालू से लदे दो टीपर जब्त

