-
झारखंड दौरे को ऐतिहासिक बनाने की कवायद तेज, नेताओं के बीच जिम्मेदारियों का हुआ वितरण
-
6 और 7 जून को दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष, संगठनात्मक बैठकों समेत कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित झारखंड दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. 6 और 7 जून को होने वाले उनके दो दिवसीय प्रवास को सफल और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदेश कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की. बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से जुड़े सभी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई और आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न नेताओं एवं पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया. पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और कार्यक्रमों के बेहतर संचालन पर विशेष जोर दिया.

यह भी पढ़ें: शुभेंदु सरकार का अहम फैसला: भारत-बांग्लादेश सीमा पर BSF को सौंपी गई 32 एकड़ जमीन, घुसपैठ पर लगाम लगाने की तैयारी
नितिन नवीन के दौरे को लेकर पार्टी में उत्साह
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला झारखंड दौरा होगा, जिसे लेकर संगठन में खासा उत्साह है. उन्होंने कहा कि इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष कई संगठनात्मक बैठकों, कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रमों और अन्य सामाजिक गतिविधियों में भाग लेंगे. उनके आगमन से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और संगठनात्मक मजबूती को भी बल मिलेगा. उन्होंने कहा कि नितिन नवीन का झारखंड, विशेषकर रांची से भावनात्मक जुड़ाव रहा है. उनका जन्म और शिक्षा-दीक्षा रांची में हुई है, इसलिए यह प्रदेश उनके लिए हमेशा विशेष महत्व रखता है. यही कारण है कि उनके दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों में भी उत्सुकता देखी जा रही है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला : बालू घाट संचालन के विरोध में सपादा ग्राम सभा, सीमांकन के बिना खनन नहीं होने देने की चेतावनी
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, सांसद मनीष जायसवाल, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, रोशनलाल चौधरी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और जिला अध्यक्ष मौजूद रहे.
