Ranchi: केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड ने पीजी पाठ्यक्रमों की खाली सीटों पर दाखिले के लिए दूसरे चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है. पहले चरण में प्रवेश से वंचित रहे सीयूईटी (पीजी)-2026 के योग्य अभ्यर्थियों के लिए यह एक और मौका होगा. विश्वविद्यालय के अनुसार, इच्छुक अभ्यर्थी 8 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं. दूसरे चरण की काउंसलिंग केवल उन्हीं पाठ्यक्रमों और आरक्षण श्रेणियों में कराई जा रही है, जहां वेटिंग लिस्ट पूरी तरह समाप्त हो चुकी है और सीटें अभी भी खाली हैं. विश्वविद्यालय ने 7 जुलाई तक की रिक्त सीटों की सूची भी जारी की है. इसके अनुसार विभिन्न पीजी पाठ्यक्रमों में कुल 171 सीटें उपलब्ध हैं. सबसे अधिक 37 सीटें एम कॉम में खाली हैं. इसके अलावा लोक प्रशासन में 30, अंग्रेजी में 20, सांख्यिकी में 15, थिएटर आर्ट्स में 14, रसायन विज्ञान में 13, वोकल म्यूजिक में 12, जियोइन्फॉर्मेटिक्स में 10, तिब्बती भाषा में 7, एमबीए में 6, भूविज्ञान में 4, राजनीति विज्ञान (अंतरराष्ट्रीय संबंध) में 2 और बी.एड. (भाषा) में 1 सीट उपलब्ध है.
यह भी पढ़ें: रांची नगर निगम ने डोरंडा और कांके रोड से हटाई दुकानें, सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि की गई चिन्हित

वेबसाइट पर उपलब्ध नवीनतम सीटों की जानकारी जरूर देखें
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि रिक्त सीटों की संख्या प्रवेश प्रक्रिया के दौरान बदल सकती है. इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नवीनतम सीटों की जानकारी जरूर देखनी चाहिए. सीयूजे ने यह भी बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने पहले चरण की काउंसलिंग के लिए पंजीकरण कराया था और उनका नाम 19 जून को जारी सूची में शामिल था, लेकिन वे दस्तावेज सत्यापन के लिए उपस्थित नहीं हो सके थे, उन्हें दोबारा पंजीकरण करने की जरूरत नहीं है. ऐसे अभ्यर्थियों को केवल संबंधित गूगल फॉर्म भरना होगा. विश्वविद्यालय ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि खाली सीटों पर समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा सके.


