रांची: डीसी ने जनगणना को लेकर की बैठक, डिजिटल माध्यम से ‘स्व-गणना’ के लिए प्रेरित करने पर दिया जोर

Ranchi: डीसी सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने भारत की जनगणना 2027 को लेकर अहम बैठक की. प्रथम चरण के तहत...

Ranchi: डीसी सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने भारत की जनगणना 2027 को लेकर अहम बैठक की. प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के दौरान स्व-गणना पर जोर दिया गया. बैठक में जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से जिले में प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि भारत की जनगणना 2027 को अधिक पारदर्शी, सटीक, सरल एवं तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से स्व-गणना पोर्टल की व्यवस्था की गई है, जिसके माध्यम से आम नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे. इससे जनगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा समय की भी बचत होगी.

यह भी पढ़ें: झारखंड कांग्रेस में डैमेज कंट्रोल शुरू: वित्त मंत्री से मिले इरफान अंसारी व धीरज साहू, 18 मई तक थमा बयानों का दौर

स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश

उपायुक्त-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने बैठक में उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं स्टेकहोल्डर्स को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने स्तर से आम लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करें तथा उन्हें पोर्टल के माध्यम से स्वयं गणना करने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है. इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल माध्यम से स्व-गणना प्रक्रिया से जुड़ सकें. बैठक में बताया गया कि स्व-गणना अंतर्गत नागरिक ऑनलाइन पोर्टल (se.census.gov.in) के माध्यम से स्वयं अपने परिवार एवं आवास संबंधी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध करा सकेंगे. इसके लिए आम नागरिकों को पोर्टल के उपयोग के संबंध में भी जानकारी देने का निर्देश दिया गया. मंजूनाथ भजन्त्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं. इसके साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, बैंकिंग संस्थानों, औद्योगिक संगठनों, चेंबर ऑफ कॉमर्स एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से भी लोगों तक जानकारी पहुंचाई जाए ताकि जनगणना 2027 का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके. उन्होंने प्रतिदिन पोर्टल के माध्यम से स्वगणना की मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिये.

प्रथम चरण दो भागों में विभाजित

जनगणना-2027 के प्रथम चरण को दो भागों में विभाजित किया गया है. 1 मई से 15 मई 2026 तक स्व-गणना एवं 16 मई से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं घर-घर गणना कार्य पूर्ण किया जायेगा. इस अवधि में जिला के प्रत्येक क्षेत्र के हर मकान का विस्तृत विवरण दर्ज किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: डॉ अजीत बनकर निकाल लिया एलआइसी के रूपये, लालपुर थाना में प्राथमिकी

स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया

नागरिकों को सुविधा प्रदान करने के लिए स्व-गणना की व्यवस्था की गई है. स्व-गणना की अवधि 1 मई से 15 मई 2026 निर्धारित है. यह प्रक्रिया ऐच्छिक है, अनिवार्य नहीं. नागरिक ऑनलाइन पोर्टल (se.census.gov.in) पर जाकर स्वयं अपना विवरण दर्ज कर सकते हैं. नागरिक को स्व-गणना के बाद प्राप्त SE-ID को सुरक्षित रखना होगा, जिसे प्रगणक के घर आने पर साझा करना होगा. यदि कोई व्यक्ति स्व-गणना नहीं करता है, तो भी चिंता की आवश्यकता नहीं है. प्रगणक निर्धारित अवधि में घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे.

मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना

16 मई से 14 जून 2026 के बीच प्रगणक प्रत्येक घर का दौरा करेंगे. इस दौरान मकान का विवरण, घर की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं एवं अन्य मूलभूत जानकारी दर्ज की जाएगी. यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक परिवार का सही और पूर्ण विवरण दर्ज हो.

गोपनीयता और सुरक्षा की गारंटी

जनगणना से संबंधित सभी सूचनाओं की गोपनीयता सुनिश्चित की गई है. जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत सभी जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है. डेटा सुरक्षित सर्वर पर एन्क्रिप्टेड रूप में संग्रहित किया जाता है. प्रकाशित रिपोर्ट में केवल सामूहिक आंकड़े ही प्रदर्शित किए जाते हैं. किसी भी व्यक्ति का नाम या व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं की जाती. इस जानकारी का उपयोग टैक्स, पुलिस या किसी जांच कार्य में नहीं किया जाता है.

नागरिकों के लिए सहायता हेल्पलाइन नंबर

जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध है. हेल्पलाइन नंबर- 1855 है. मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय दायित्व है, जो देश के विकास की आधारशिला तैयार करता है. उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सही जानकारी उपलब्ध कराएं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *