Ranchi : उपायुक्त-सह-प्रधान जिला जनगणना पदाधिकारी रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में जनगणना कार्यों की समीक्षात्मक बैठक हुई. बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों में चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान कई प्रखंडों में कार्य की धीमी गति पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कार्य में शिथिलता पाए जाने पर अनगड़ा, सोनाहातू और सिल्ली के प्रखंड विकास पदाधिकारियों के विरुद्ध शोकॉज जारी करने तथा उनके वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया.
यह भी पढ़ें : एक भी वोटर छूटे नहीं, हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं को दिया टिप्स
मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : उपायुक्त
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समयसीमा में पूरा कराएं. साथ ही पोर्टल पर डेटा एंट्री कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो और आंकड़े शत-प्रतिशत सटीक रहे. उन्होंने कहा कि जनगणना केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि विकास योजनाओं की मजबूत नींव है. इसलिए सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता, जवाबदेही और समन्वय के साथ इस कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करें. बैठक में प्रभारी उपविकास आयुक्त सह पीडी आईटीडीए संजय भगत, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) कुमार रजत, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, निदेशक डीआरडीए सुदर्शन मुर्मू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें : महिला आरक्षण बिल पर भाजपा विधायक नीरा यादव का विपक्ष पर हमला, कहा–आधी आबादी के साथ अन्याय
