Ranchi: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (Doctor’s Day) के अवसर पर आज सिविल सर्जन कार्यालय, रांची में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस दौरान जिले के चिकित्सकों को स्वास्थ्य सेवाओं में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में डॉक्टरों की सेवा, समर्पण और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों की सराहना की गई.
सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कार्यक्रम को किया संबोधित

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि हर वर्ष 1 जुलाई को महान चिकित्सक, शिक्षाविद और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती एवं पुण्यतिथि के अवसर पर राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जाता है. उन्होंने कहा कि डॉ. रॉय का जीवन सेवा, समर्पण और मानवता की मिसाल है, जिससे सभी चिकित्सकों को प्रेरणा लेनी चाहिए. उन्होंने कहा कि डॉक्टर केवल बीमारियों का इलाज नहीं करते, बल्कि लोगों को स्वस्थ और सुरक्षित जीवन देने में भी अहम भूमिका निभाते हैं. महामारी, आपदा, दुर्घटना या किसी भी स्वास्थ्य संकट के समय डॉक्टर अपनी निजी सुविधाओं की चिंता किए बिना लोगों की सेवा में जुटे रहते हैं. यही सेवा भाव उन्हें समाज का सच्चा नायक बनाता है.
सभी चिकित्सकों से अपील की कि वे मरीजों के प्रति संवेदनशीलता रहें
सिविल सर्जन ने सभी चिकित्सकों से अपील की कि वे मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सेवा भावना और नैतिक मूल्यों के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि लोगों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें. सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह ने भी चिकित्सकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और निरंतर जनसेवा की कामना की.
Also Read: निजी भूमि विवादों का फैसला नहीं कर सकता राज्य दिव्यांग आयुक्त, केवल सिविल कोर्ट को है अधिकार : HC


