Giridih: जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) सभागार में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) एवं मनरेगा (MGNREGA) योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला परियोजना पदाधिकारी, आवास, जिला समन्वयक मनरेगा, प्रभारी बीपीओ, ब्लॉक समन्वयक तथा सभी सहायक अभियंता उपस्थित रहे. बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों की प्रगति, निर्माण की वर्तमान स्थिति, लाभुकों को मिलने वाली सुविधाओं एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की गई. उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा लंबित आवासों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए.

विकास योजनाओं और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर
मनरेगा योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने चल रही विकास योजनाओं, श्रमिकों को उपलब्ध रोजगार, मानव दिवस सृजन और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया. अधिकारियों को सभी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, पारदर्शिता बनाए रखने तथा पंचायत स्तर पर सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
लंबित मामलों की भी की गई समीक्षा
बैठक में PMAY-G के अंतर्गत आवास प्लस सर्वे, डिलीशन वर्कफ्लो, स्थायी प्रतीक्षा सूची (PWL) और लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई. उप विकास आयुक्त ने कहा कि सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करते हुए लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है. इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया.
यह भी पढ़ें: मतदाता सूची की शुद्धता पर उपायुक्त सख्त, लापरवाही करने वाले बीएलओ पर होगी कड़ी कार्रवाई
