Ranchi: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में मंगलवार की देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया, जब जेपीएल क्रिकेट मैच के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए उम्मीद से कहीं अधिक क्रिकेट प्रेमी पहुंच गए.

फाइनल मैच के रोमांच को लाइव देखने के लिए उमड़ी इस अप्रत्याशित भीड़ को संभाल पाने में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नाकाम साबित हुई. स्टेडियम के वेस्ट गेटपर एंट्री के दौरान मची भगदड़ में कई दर्शकों के घायल होने की खबर है, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने गेट पर तोड़फोड़ की.


कैसे बिगड़े हालात?
मिली जानकारी के अनुसार, फाइनल मैच होने के कारण दोपहर से ही फैंस का स्टेडियम पहुंचना शुरू हो गया था. मैच शुरू होने से ठीक पहले अचानक हजारों की संख्या में लोग वेस्ट गेट पर जमा हो गए. एंट्री गेट पर चेकिंग की रफ्तार धीमी होने के कारण बाहर कतारें लंबी होती गईं. पीछे से आ रही भीड़ के दबाव के कारण अचानक गेट के पास धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिसने देखते ही देखते भगदड़ का रूप ले लिया. इस भगदड़ में कई दर्शकों को मामूली और गंभीर चोटें आईं.

भगदड़ और सुरक्षाकर्मियों के कथित ढुलमुल रवैए से वहां मौजूद लोग बेहद आक्रोशित हो गए. काफी देर तक इंतजार करने और अव्यवस्था से नाराज भीड़ ने सुरक्षा घेरे को तोड़ दिया. देखते ही देखते सैकड़ों की संख्या में फैंस ने वेस्ट गेट पर धावा बोल दिया और भारी हंगामे के बीच बैरिकेडिंग और गेट के एक हिस्से को तोड़ डाला.



