Ranchi: राजधानी रांची में बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में रांची नगर निगम के एनफोर्समेंट ऑफिसर और पूर्व सैनिक रंजीत टोप्पो गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा सुबह करीब 4 बजे कांटाटोली चौक के पास उस समय हुआ, जब नगर निगम की एनफोर्समेंट टीम सड़क किनारे अवैध रूप से गिराए गए बालू की जांच करने पहुंची थी.

जांच के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान टीम की गाड़ी सड़क किनारे रुकी थी. रंजीत टोप्पो अपने ड्राइवर के साथ वाहन से उतरकर निरीक्षण कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार एक ऑटो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि रंजीत टोप्पो गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. ड्राइवर को हल्की चोटें आई हैं, जबकि टीम के दो अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए.
ड्राइवर को हल्की चोट, दो कर्मी बाल-बाल बचे
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और निगम कर्मियों की मदद से रंजीत टोप्पो को रांची के सेम्फोर्ड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. डॉक्टरों के अनुसार उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं और लगातार इंटरनल ब्लीडिंग हो रही है. अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है.
पूर्व सैनिक हैं रंजीत टोप्पो
रंजीत टोप्पो पूर्व सैनिक रह चुके हैं और वर्तमान में रांची नगर निगम में एनफोर्समेंट ऑफिसर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. घटना की खबर मिलते ही नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिचित अस्पताल पहुंचने लगे. पूरे निगम परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है.
फरार ऑटो चालक की तलाश में पुलिस
इधर, रांची नगर निगम की ओर से मामले में FIR दर्ज करा दी गई है. पुलिस हादसे के बाद फरार ऑटो चालक की तलाश में जुट गई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक ऑटो चालक तेज रफ्तार में था, जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हुआ.
