वर्ल्ड मलेरिया डे पर रांची में निगम का मेगा ड्राइव, कई वार्डों में एक साथ मच्छरों पर वार

Ranchi: वर्ल्ड मलेरिया डे के मौके पर रांची नगर निगम ने मच्छरों के खिलाफ शहरभर में व्यापक अभियान चलाते हुए एक्शन लिया....

Ranchi: वर्ल्ड मलेरिया डे के मौके पर रांची नगर निगम ने मच्छरों के खिलाफ शहरभर में व्यापक अभियान चलाते हुए एक्शन लिया. “हर शनिवार, मच्छरों पर वार” अभियान के तहत वार्ड संख्या 01, 04, 14 और 37 में विशेष सघन मच्छर उन्मूलन महाअभियान चलाया गया, जिसमें कई इलाकों में एक साथ युद्धस्तर पर काम किया गया.

कई इलाकों में एक साथ कार्रवाई

कांके रोड, मिसिरगोंदा, बड़गई, बरियातू, चुटिया और जगन्नाथपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में निगम की टीमों ने मोर्चा संभालते हुए मच्छरों के प्रजनन स्थलों पर कार्रवाई की. अभियान के दौरान 65 हैंड स्प्रे मशीन, 6 कोल्ड और थर्मल फॉगिंग मशीन तथा 20 ग्रास कटर मशीनों का उपयोग किया गया. वहीं करीब 90 सफाईमित्रों की टीम लगातार मैदान में डटी रही.

ALSO READ: हाथी हमले में मां-बेटी की मौत पर हरे लाल महतो ने जताया शोक, सरकार और विधायक पर उठाए सवाल

लार्वा नष्ट करने पर विशेष फोकस

निगम की टीमों ने लार्विसाइडल दवा का छिड़काव कर मच्छरों के लार्वा को खत्म किया. साथ ही नालियों और जलजमाव वाले क्षेत्रों की गहन सफाई कराई गई और डोर-टू-डोर सर्वे के जरिए लार्वा की पहचान कर उसे नष्ट किया गया. इसके अलावा झाड़ियों और घास की कटाई कर मच्छरों के छिपने के ठिकानों को भी खत्म किया गया.

अभियान के दौरान जागरूकता पर भी जोर दिया गया. वर्ल्ड मलेरिया डे के अवसर पर घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया से बचाव के उपाय बताए गए और सतर्क रहने की अपील की गई.

नागरिकों से अपील

नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घर और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें. कूलर, टंकी और अन्य बर्तनों की नियमित सफाई करें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें और बुखार या संदिग्ध लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.

निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि फॉगिंग या मच्छर नियंत्रण से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए नागरिक टोल फ्री नंबर 18005701235 पर संपर्क कर सकते हैं या SMART RANCHI ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *