Ranchi: कांके रोड स्थित न्यू पुलिस लाइन के शहीद यूसी झा हॉल में रांची पुलिस ने चोरी और गुम हुए 111 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे. मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई. कई लोगों ने रांची पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिल पाएगा. एक समारोह के दौरान सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने लोगों को उनके मोबाइल फोन सौंपे. मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की और इसके लिए धन्यवाद दिया.

पुलिस की कार्रवाई से लोगों को मिली राहत
मोबाइल फोन आज लोगों की रोजमर्रा की जरूरत का अहम हिस्सा है. इसमें जरूरी संपर्क नंबर, फोटो, दस्तावेज और अन्य निजी जानकारी रहती है. ऐसे में मोबाइल गुम या चोरी होने के बाद लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ महत्वपूर्ण डेटा को लेकर भी चिंता रहती है. रांची पुलिस की तकनीकी टीम ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन को बरामद करने के बाद उनके वास्तविक मालिकों की पहचान की. सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद मोबाइल संबंधित लोगों को सौंपे गए. कार्यक्रम के दौरान सार्जेंट मेजर आनंद खलखो समेत कई थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. पुलिस की इस पहल से मोबाइल खोने वाले लोगों को राहत मिली और उनके बीच पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ा.
ALSO READ: पटना में छात्रों का प्रदर्शन, CM हाउस घेराव के लिए निकले अभ्यर्थी; बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ी भीड़

