Ranchi: एशिया के सबसे पुराने और दुनिया के तीसरे सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप का कार्यक्रम जारी होने के साथ ही रांची में तैयारियां तेज हो गई हैं. पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा रांची 26 जुलाई से फुटबॉल के रोमांच का गवाह बनेगा. ग्रुप-सी के सभी मुकाबले बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जाएंगे. आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने स्टेडियम का निरीक्षण किया. उन्होंने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और कंट्रोल रूम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की. इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को तय समय में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए. उपायुक्त ने कहा कि डूरंड कप जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहचान रखने वाले टूर्नामेंट की मेजबानी रांची के लिए सम्मान की बात है. उन्होंने सभी विभागों से बेहतर समन्वय के साथ काम करने और खिलाड़ियों व दर्शकों को उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि आयोजन सुरक्षित और सफल हो सके.
यह भी पढ़ें: 26वीं झारखंड राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप: हज़ारीबाग ने जीते 8 पदक, दो खिलाड़ियों ने स्वर्ण पर जमाया कब्ज़ा

रांची में ग्रुप-सी के मुकाबले
बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में ग्रुप-सी के सभी मैच खेले जाएंगे. इस ग्रुप में जमशेदपुर एफसी, स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली, भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम और पहली बार डूरंड कप में हिस्सा ले रही श्रीलंका सशस्त्र बलों की डिफेंडर्स एफसी शामिल हैं. रांची में पहला मुकाबला 26 जुलाई को जमशेदपुर एफसी और डिफेंडर्स एफसी के बीच खेला जाएगा. ग्रुप चरण का अंतिम मैच 13 अगस्त को जमशेदपुर एफसी और भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम के बीच होगा. इसके अलावा 16 अगस्त को शहर में एक क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी आयोजित किया जाएगा.
सुरक्षा और ट्रैफिक पर विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए. उन्होंने स्टेडियम में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, प्रवेश द्वारों पर सघन जांच और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा. यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत ट्रैफिक प्लान, पार्किंग, डायवर्जन, साइन बोर्ड और अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती के निर्देश दिए गए. स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, डॉक्टरों की टीम, प्राथमिक उपचार केंद्र और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया. वहीं अग्निशमन और बिजली विभाग को भी आयोजन के दौरान पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए.
यह भी पढ़ें: लापरवाही पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर का दो टूक, पढ़कर साइन करना कोई एहसान नहीं, प्रशासनिक जिम्मेदारी है


