Ranchi: मेहनत, लगन और सही दिशा में की गई तैयारी ने झारखंड के दो छात्रों को ऐसी सफलता दिलाई है, जो हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है. BIT मेसरा के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के छात्र कुशाग्र सहाय और अंकित कुमार का चयन दुनिया की अग्रणी प्रोफेशनल नेटवर्किंग कंपनी LinkedIn में सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर (SDE) के पद पर हुआ है.
सालाना करोड़ो का मिला पैकेज
इस कैंपस प्लेसमेंट में रांची निवासी कुशाग्र सहाय को 1.40 करोड़ रुपये और पलामू (डाल्टनगंज) के अंकित कुमार को 1.09 करोड़ रुपये का सालाना पैकेज मिला है. इस उपलब्धि ने BIT मेसरा के प्लेसमेंट रिकॉर्ड में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है.

कॉलेज के पहले दिन से तय था लक्ष्य
कुशाग्र बताते हैं कि उन्होंने कॉलेज में दाखिले के साथ ही अपना लक्ष्य तय कर लिया था. सीनियर्स और पूर्व छात्रों के अनुभवों से उन्होंने प्लेसमेंट की तैयारी की रणनीति बनाई. पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने कोडिंग, डेटा स्ट्रक्चर, एल्गोरिद्म और रियल-लाइफ प्रोजेक्ट्स पर लगातार काम किया. कॉलेज के कोडिंग क्लब में सक्रिय रहने से उन्हें नई तकनीकों को समझने और खुद को बेहतर बनाने का अवसर मिला.
प्रोजेक्ट्स बने सबसे बड़ी ताकत
इंटरव्यू के दौरान कुशाग्र के तकनीकी प्रोजेक्ट्स ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया. उन्होंने बताया कि उनके द्वारा तैयार किए गए कुछ प्रोजेक्ट्स आज भी उपयोग में हैं, जिससे उन्हें अपने काम को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करने में मदद मिली.
ALSO READ: गुमला: SIR जागरूकता रथ को DC ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
युवाओं को दिया सफलता का मंत्र
कुशाग्र का कहना है कि बड़ी कंपनी में नौकरी पाने के लिए केवल अच्छे अंक ही काफी नहीं हैं. विषयों की गहरी समझ, नियमित अभ्यास, समस्या सुलझाने की क्षमता और नई तकनीकों को सीखने की आदत ही सफलता का रास्ता बनाती है.


