Ranchi: धुर्वा थाना क्षेत्र के सेक्टर 3 मार्केट के पास मंगलवार की दोपहर उस समय भारी हंगामा और आक्रोश देखने को मिला, जब स्थानीय निवासी सूरज नायक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में स्मार्ट सिटी परिसर में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला. सूरज की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोग और परिजन भड़क उठे और उन्होंने धुर्वा थाना क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया.
फाइनेंस कंपनी के उत्पीड़न का आरोप
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूरज नायक ने बजाज फाइनेंस से कोई लोन या ईएमआई ली थी. पिछले कुछ समय से बजाज फाइनेंस के कर्मचारी और मैनेजर लगातार उस पर पैसों के भुगतान को लेकर अत्यधिक दबाव बना रहे थे.
परिजनों का कहना है कि फाइनेंस कंपनी के रिकवरी एजेंट और मैनेजर लगातार घर आकर गाली-गलौज और बदतमीजी करते थे.

सूरज को सरेआम बेइज्जत और प्रताड़ित किया जा रहा था
आए दिन मिलने वाली धमकियों के कारण सूरज मानसिक रूप से बेहद परेशान और तनाव में था.
बजाज फाइनेंस के लोग आए दिन घर पर आकर तमाशा करते थे और जान-माल की धमकी देते थे. इसी प्रताड़ना और सामाजिक बदनामी के डर से तंग आकर सूरज ने ऐसा आत्मघाती कदम उठाया है। यह आत्महत्या नहीं, बल्कि फाइनेंस कंपनी द्वारा की गई संस्थागत हत्या है.
सड़क पर उतरे आक्रोशित लोग, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद गुस्साए स्थानीय निवासियों और परिजनों ने सेक्टर 3 मार्केट के पास इकट्ठा होकर हंगामा शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि दोषी फाइनेंस कर्मियों और मैनेजर के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए. हंगामे की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया.
ALSO READ: रांची: BIT मेसरा के दो छात्रों ने रचा इतिहास, LinkedIn ने दिया करोड़ों का पैकेज
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है. परिजनों के बयान के आधार पर फाइनेंस कंपनी के संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी और यदि प्रताड़ना की बात सच साबित होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल, क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है.


