Ranchi: अब राजधानी रांची की हवा कितनी साफ है और कितना प्रदूषण है, इसकी जानकारी लोगों को आसानी से मिल सकेगी. इसके लिए झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (JSPCB) ने रांची नगर निगम के साथ मिलकर शहर के कई प्रमुख जगहों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) मॉनिटरिंग स्टेशन लगाए हैं. ये मशीनें 24 घंटे हवा की जांच कर रही हैं और लगातार आंकड़े जुटा रही हैं. आज दोपहर जारी रिपोर्ट के अनुसार, रांची का AQI 106 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में है. यानी शहर की हवा पूरी तरह सुरक्षित नहीं मानी जा रही है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए सावधानी जरूरी है. ये आधुनिक मशीनें हवा में मौजूद PM2.5, PM10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO₂), कार्बन मोनोऑक्साइड (CO), ओजोन (O₃) और सल्फर डाइऑक्साइड (SO₂) जैसी गैसों और धूल के महीन कणों की लगातार जांच करती हैं. साथ ही तापमान और नमी जैसी जानकारी भी रिकॉर्ड करती हैं. अगर प्रदूषण तय सीमा से ज्यादा हो जाता है तो सिस्टम अलर्ट भी जारी करता है.नगर निगम का कहना है कि इन मशीनों से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर यह पता लगाया जाएगा कि शहर के किन इलाकों में सबसे ज्यादा प्रदूषण है. इसके बाद वहां सड़कों पर पानी का छिड़काव, धूल रोकने के उपाय, निर्माण कार्यों की निगरानी, कचरा जलाने पर रोक और ज्यादा पेड़ लगाने जैसे कदम उठाए जाएंगे.



