Ranchi: रांची पुलिस ने अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर में 9 जुलाई 2026 को हुई चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा कर दिया है. इस मामले में गठित SIT ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी समीर खान उर्फ कबीर खान को गिरफ्तार किया है.
400 ग्राम सोने और मोती के आभूषण बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी समीर खान उर्फ कबीर खान सोना व्यवसायी है. उसकी निशानदेही पर मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र स्थित उसके ससुराल से करीब 400 ग्राम सोने एवं मोती के आभूषण बरामद किए गए हैं. बरामद आभूषणों की बाजार कीमत करीब ₹65 लाख आंकी गई है.
एक करोड़ रुपये से अधिक की बरामदगी
रांची पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक ₹1 करोड़ से अधिक मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की जा चुकी है. पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों की मदद से पूरे गिरोह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है.
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर खान उर्फ कबीर खान, पिता स्व. अब्दुल्लाह खान, निवासी शुक्ला रोड, रमना, नगर थाना, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है.
SIT ने की कार्रवाई
इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व रांची पुलिस की एसआईटी ने किया. टीम में एएसपी कोतवाली निखिल राय, हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार सहित अरगोड़ा, डेली मार्केट, नामकुम और अन्य थाना एवं ओपी के कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे. पुलिस का कहना है कि कांड के अन्य पहलुओं की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर आगे भी गिरफ्तारियां की जा सकती हैं.
Also Read: गुमला में अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, पहचान के लिए पुलिस ने की अपील
