Ranchi: बारिश से पहले रांची नगर निगम एक्शन मोड में नजर आ रहा है. शहर को जलजमाव से बचाने और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निगम ने नालों और नालियों की व्यापक सफाई अभियान छेड़ दिया है. खास बात यह है कि वर्षों से बंद और नॉन फंक्शनल पड़ी नालियों को चिन्हित कर उन्हें दोबारा चालू करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है. निगम की टीम शहरभर में युद्धस्तर पर गाद हटाने, जाम नालियों को खोलने और अवरोध साफ करने में जुटी हुई है, ताकि मॉनसून के दौरान लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े. आज सोरेन कुंज लाल कोठी, कुसुम बिहार, चुटिया मेन रोड, नया टोली चौक, कर्बला चौक, अपर बाजार, कडरू पुलटोली, लक्ष्मी नगर, जगन्नाथपुर तालाब रोड, निवारणपुर रोड, रहमत कॉलोनी और कल्याणपट्टी समेत कई इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया.

यह भी पढ़ें: जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन अलर्ट, अपर नगर आयुक्त ने किया घर-घर सर्वे का निरीक्षण

सुपर सकर मशीन और स्किड लोडर मशीन उतारी गई
जाम नालियों की सफाई के लिए सुपर सकर मशीन और स्किड लोडर मशीन उतारी गई. तुपुदाना, कोकर, निजाम नगर, हिंदपीढ़ी और नागा बाबा खटाल मार्केट क्षेत्र में मशीनों से जमी गाद और कचरा हटाकर नालियों को फिर से कार्यशील बनाया गया. वहीं बड़े नालों की सफाई के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई. मौलाना आजाद कॉलोनी, गणपत नगर, खोराटोली कोकर और ग्वाला टोली में बड़े पैमाने पर नालों की सफाई कर गाद निकाली गई.
यह भी पढ़ें: कोडरमा में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, प्रतिबंधित रंग और बिना लाइसेंस कारोबारियों को चेतावनी

नालियों में कचरा नहीं फेंकने की अपील
रांची नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि नालियों में कूड़ा-कचरा न डालें और जल निकासी मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखें. किसी भी क्षेत्र में नाली जाम या सफाई संबंधी समस्या होने पर टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.
