जनगणना-2027 को लेकर प्रशासन अलर्ट, अपर नगर आयुक्त ने किया घर-घर सर्वे का निरीक्षण

Ranchi: जनगणना-2027 के तहत चल रहे हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (HLO) एवं मकानों की गणना कार्य का बुधवार को अपर नगर आयुक्त-सह-नगर जनगणना...

Ranchi: जनगणना-2027 के तहत चल रहे हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (HLO) एवं मकानों की गणना कार्य का बुधवार को अपर नगर आयुक्त-सह-नगर जनगणना पदाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर निरीक्षण किया. यह अभियान 16 मई 2026 से शुरू हुआ है, जो 14 जून 2026 तक चलेगा. इसके तहत प्रगणक घर-घर जाकर मकानों और परिवारों से जुड़ी आवश्यक जानकारी जुटा रहे हैं.

डोर-टू-डोर सर्वे की प्रगति का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त ने फील्ड में चल रहे डोर-टू-डोर सर्वे की प्रगति और कार्यप्रणाली का जायजा लिया. उन्होंने प्रगणकों और सुपरवाइजरों से बातचीत कर सर्वे के दौरान आने वाली तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली. साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि फील्ड में कार्यरत कर्मियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उनके कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए.

पहचान पत्र पहनने और हर घर तक पहुंचने का निर्देश

उन्होंने सभी चार्ज ऑफिसरों को निर्देश दिया कि हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन का कार्य तय दिशा-निर्देशों और समयसीमा के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाए. साथ ही सभी प्रगणकों और सुपरवाइजरों को पहचान पत्र अनिवार्य रूप से पहनने और शत-प्रतिशत घरों तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

ALSO READ: बुंडू में झामुमो का संगठन विस्तार, SIR मुद्दे पर आंदोलन तेज करने के संकेत

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

अपर नगर आयुक्त ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी में उदासीनता बरतने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों पर जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना नियमावली 1990 के तहत कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि जब जनगणनाकर्मी उनके घर पहुंचे तो वे सही जानकारी देकर सहयोग करें, ताकि जनगणना-2027 का कार्य पारदर्शी और समय पर पूरा हो सके.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *