न्यूज वेव डेस्क

बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा ने बड़ा भर्ती अभियान शुरू किया है. बैंक ने लोकल बैंक ऑफिसर (LBO) के 2400 से अधिक पदों पर नियमित नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन बैंक की वेबसाइट पर जारी किया जा चुका है और ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित पात्रता पूरी करने पर आवेदन कर सकते हैं.
20 राज्यों में होगी नियुक्ति
इस भर्ती के जरिए बैंक ऑफ बड़ौदा की विभिन्न शाखाओं में लोकल बैंक ऑफिसर के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. भर्ती करीब 20 राज्यों के लिए है. उम्मीदवार को उसी राज्य की स्थानीय भाषा का ज्ञान होना जरूरी है, जहां से वह आवेदन कर रहा है.
कौन कर सकता है आवेदन?
लोकल बैंक ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक होना जरूरी है. इसके साथ ही किसी शेड्यूल्ड कमर्शियल बैंक में कम से कम एक वर्ष का कार्य अनुभव मांगा गया है. उम्र सीमा 21 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम उम्र सीमा में 3 से 10 वर्ष तक की छूट मिलेगी. उम्र और शैक्षणिक योग्यता की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी.
48,480 से 85,920 रुपये तक वेतन
लोकल बैंक ऑफिसर का पद JMG/S-I स्केल में है. चयनित उम्मीदवारों को 48,480 रुपये से 85,920 रुपये तक वेतनमान मिलेगा. मूल वेतन के अलावा बैंक के नियमों के अनुसार विभिन्न भत्ते और अन्य सुविधाएं भी दी जाएंगी. नियुक्ति के बाद उम्मीदवार को 12 महीने की प्रोबेशन अवधि से गुजरना होगा.
लिखित परीक्षा के बाद LPT और इंटरव्यू
चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होगी. सबसे पहले ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाएगी. परीक्षा में चार सेक्शन होंगे, जिनमें इंग्लिश लैंग्वेज, बैंकिंग नॉलेज, जनरल/इकोनॉमिक अवेयरनेस एवं रीजनिंग एबिलिटी और क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूट शामिल हैं. प्रत्येक सेक्शन से 30 प्रश्न होंगे. यानी कुल 120 प्रश्नों के लिए 120 अंक निर्धारित हैं और परीक्षा के लिए 120 मिनट का समय मिलेगा. इंग्लिश लैंग्वेज को छोड़कर बाकी प्रश्न हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होंगे. परीक्षा में 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग भी रहेगी. ऑनलाइन परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को लोकल लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी टेस्ट (LPT) देना होगा. हालांकि, जिन अभ्यर्थियों ने 10वीं या 12वीं में संबंधित स्थानीय भाषा की पढ़ाई की है और उनकी मार्कशीट में इसका प्रमाण मौजूद है, उन्हें LPT से छूट मिल सकती है. इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को ग्रुप डिस्कशन और/या पर्सनल इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा. डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन भी चयन प्रक्रिया का हिस्सा होगा.
आवेदन के लिए कितना शुल्क?
आवेदन करने वाले सामान्य, EWS और OBC वर्ग के उम्मीदवारों को 850 रुपये शुल्क देना होगा. वहीं SC, ST, PwBD, ESM, DESM और महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 175 रुपये निर्धारित है. आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को जरूरी दस्तावेज PDF फॉर्मेट में अपलोड करने होंगे. इनमें रिज्यूम, 10वीं की मार्कशीट, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, कार्य अनुभव प्रमाणपत्र और लागू होने पर जाति एवं PwBD प्रमाणपत्र शामिल हैं. आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को बैंक ऑफ बड़ौदा की आधिकारिक भर्ती अधिसूचना में पदवार राज्य, स्थानीय भाषा, पात्रता और आवेदन की अंतिम तिथि की जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए.
ALSO READ: रंगदारी मांगने और फायरिंग का 12 साल पुराना मामला, आरोपी साक्ष्य के अभाव में बरी

