आसमान से राहत की बौछार, लेकिन 60 KM की रफ्तार से तेज आंधी का अलर्ट, झारखंड में ऑरेंज अलर्ट

Ranchi: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भीषण गर्मी से परेशान लोगों को जहां राहत मिली है, वहीं अब...

Ranchi: झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. भीषण गर्मी से परेशान लोगों को जहां राहत मिली है, वहीं अब तेज आंधी, भारी बारिश और वज्रपात को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया गया है. पाकिस्तान से लेकर ओडिशा तक बने साइक्लोनिक सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य का मौसम पूरी तरह बदल गया है. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, भारी बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है.

24 घंटे में बदला मौसम, कोडरमा में रिकॉर्ड बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा बारिश कोडरमा में हुई, जहां 40.5 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि डाल्टनगंज 41 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रांची में अधिकतम तापमान 36.4, जमशेदपुर में 36.0 और बोकारो थर्मल में 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

अगले 24 घंटे में और गिरेगा पारा

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है. इससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी. हालांकि इसके बाद अगले चार दिनों में तापमान फिर से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने का अनुमान है. 30 मई को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.

Also Read: झारखंड में राज्यसभा का सस्पेंस थ्रिलर: CM आवास में 3 घंटे तक मंथन, बीजेपी को मात देने की रणनीति तो बनी पर टिकट पर फंसा पेंच

चार जून तक ऐसा रहेगा मौसम

31 मई को राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

1 और 2 जून को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

3 और 4 जून को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड के कई इलाकों में हल्की बारिश जारी रहने का अनुमान है.

सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है. विभाग के अनुसार 29 और 30 मई को रांची, बोकारो, धनबाद, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ समेत कई जिलों में तेज आंधी और वज्रपात की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है. इसके अलावा 31 मई से 4 जून तक भी अलग-अलग जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने की चेतावनी जारी की गई है. लोगों से कहा गया है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूर रहें तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लें.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *