कोडरमा रेलवे स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, 36 हजार मिलीलीटर बीयर जब्त, दो युवक गिरफ्तार

Koderma: ऑपरेशन सतर्क के तहत रविवार सुबह कोडरमा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 हजार...

Koderma: ऑपरेशन सतर्क के तहत रविवार सुबह कोडरमा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 हजार मिलीलीटर बीयर जब्त की और दो युवकों को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपी बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बीयर बेचने की योजना बना रहे थे. जानकारी के अनुसार, 8 जून 2026 को सुबह करीब 5:40 बजे आरपीएफ पोस्ट कोडरमा के आरक्षी बृजेंद्र प्रताप सिंह और आरक्षी सोनू कुमार प्लेटफॉर्म संख्या-4 के कालका एंड की ओर पेट्रोलिंग ड्यूटी से लौट रहे थे. इसी दौरान उन्होंने तीन काले रंग के पिट्ठू बैग के साथ दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा. पूछताछ में युवकों ने अपनी पहचान दीपक कुमार (18 वर्ष), निवासी नईकी अहरी, थाना परैया, जिला गया तथा राहुल कुमार (18 वर्ष), निवासी धर्मबीघा, जिला गया (बिहार) के रूप में बताई.

बैग की तलाशी में मिला भारी मात्रा में बीयर

आरपीएफ जवानों ने जब बैगों की जांच की तो दीपक कुमार के बैग से 24 कैन ‘गॉडफादर द लीजेंडरी सुप्रीम स्ट्रॉन्ग बीयर’ बरामद हुई. वहीं राहुल कुमार के दो बैगों से 48 कैन ‘किंगफिशर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर’ मिली. सभी कैनों की क्षमता 500-500 मिलीलीटर थी. मौके पर पहुंचे आरपीएफ निरीक्षक दीपक कुमार ने दोनों युवकों से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बेरोजगार हैं और बीयर को बिहार ले जाकर अधिक दाम पर बेचते हैं. हालांकि वे बीयर से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके.

10,800 रुपये मूल्य की बीयर जब्त

आरपीएफ ने गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार कर कुल 72 कैन बीयर जब्त कर ली। जब्त बीयर की कुल क्षमता 36,000 मिलीलीटर तथा अनुमानित कीमत 10,800 रुपये आंकी गई. इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आरपीएफ पोस्ट कोडरमा लाया गया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त बीयर और दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, कोडरमा को सौंप दिया गया. आरपीएफ ने कहा कि रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन सतर्क के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *