Bokaro: तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार को चास प्रखंड के टुपरा पंचायत में ग्रामीण महिलाओं द्वारा रविवार को नशाखोरी के खिलाफ तथा नशाबंदी के समर्थन में जुलूस निकाला गया. कार्यक्रम का आयोजन जेएलकेएम के तत्वावधान में किया गया, जिसका नेतृत्व संगठन के केंद्रीय महासचिव अर्जुन रजवार ने किया. जुलूस में भाग लेने वाली महिलाओं ने पंचायत के विभिन्न टोला व मोहल्ले का भ्रमण कर जनता से शराब का सेवन और शराब कारोबार बंद करने की अपील की.

जागरूकता व शिक्षा की कमी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ा नशापान का प्रचलन
अर्जुन रजवार ने कहा कि विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता व शिक्षा की कमी के कारण नशापान का प्रचलन बढ़ा है. आमदनी कम होने पर परिवार की आजीविका पर अधिक दबाव पड़ता है. वहीं, शराब पर खर्च के कारण बच्चों की पढ़ाई व परिवार के पालन‑पोषण की क्षमता प्रभावित हो रही है. उन्होंने कहा कि नशापान से गांव में गरीबी और अशिक्षा बढ़ती जा रही है. हमें सामाजिक जिम्मेदारी न भूलते हुए नशाबंदी के लिए निरन्तर प्रयत्नशील रहना चाहिए.
जागरूकता अभियान चलाने का किया गया आह्वान
आयोजन में उपस्थित ग्रामीण महिलाओं ने शराब के नुकसान और नशामुक्ति के उपायों पर लोगों को जानकारी दी. साथ ही सभी समुदाय स्तर पर सतत जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने आयोजन की सराहना की और कहा कि इस तरह के जागरूकता अभियानों से ग्रामीण समुदायों में बदलाव लाने में मदद मिलेगी. जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ.
यह भी पढ़ें: SIR पर कांग्रेस एक्टिव: ‘न एक भी वोट कटेगा, न फर्जी नाम जुड़ेगा’, रांची में बनी बूथ स्तर की रणनीति
