Bihar: बिहार के समस्तीपुर में एक प्रेम विवाह उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब मंदिर में शादी करने के बाद बाहर निकलते ही दूल्हे की सगी बहनों ने उसकी सरेआम पिटाई कर दी. सड़क पर हुए इस हंगामे को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई. मामला नगर थाना क्षेत्र स्थित थानेश्वर मंदिर परिसर का है, जहां प्रेमी जोड़े ने पहले कोर्ट मैरिज की और फिर मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया.

बहनों का आरोप- 5 लाख रुपये लेकर भागा, तीन बच्चों की मां से रचाई शादी
जानकारी के मुताबिक, सरायरंजन के उदयपुर निवासी सतावन चौधरी ने अपनी प्रेमिका से शादी की है, जो पहले से तीन बच्चों की मां बताई जा रही है. जैसे ही नवविवाहित जोड़ा मंदिर से बाहर निकला, दूल्हे की दो बहनों ने उन्हें घेर लिया और भाई की पिटाई शुरू कर दी. बहनों का आरोप है कि सतावन घर से करीब पांच लाख रुपये नकद लेकर फरार हुआ और परिवार की मर्जी के खिलाफ यह शादी कर ली.
दूल्हे का दावा- भैंस बेचकर जुटाए शादी के पैसे
दूल्हे सतावन चौधरी ने बहनों के सभी आरोपों को खारिज किया है. उसका कहना है कि उसने घर से कोई पैसा नहीं लिया. शादी का खर्च उठाने के लिए उसने अपनी भैंस बेच दी थी. सतावन के मुताबिक, दोनों पिछले एक साल से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है.
Read Also: बिना नेता प्रतिपक्ष के शुरू होगा आज से बिहार विधानसभा का मॉनसून सत्र शुरू, 13 अहम विधेयक होंगे पेश
अंतरजातीय विवाह से नाराज है परिवार
सतावन ने बताया कि वह चौधरी (ब्राह्मण) समाज से है, जबकि उसकी पत्नी तेली समाज से आती है. परिवार इस अंतरजातीय विवाह का विरोध कर रहा है और इसी वजह से उस पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं. उसने यह भी आरोप लगाया कि परिवार वाले उसे संपत्ति से बेदखल करने की धमकी दे रहे हैं.

लड़की पक्ष ने कराया बीच-बचाव, पुलिस तक नहीं पहुंची शिकायत
सड़क पर हो रहे विवाद के दौरान लड़की पक्ष के लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक कहासुनी होती रही. बाद में स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया. नगर थाना पुलिस का कहना है कि इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. पुलिस के अनुसार, आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
