Deoghar: अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान देवघर ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए न्यूरोसर्जरी वार्ड की शुरुआत कर दी है. इस नई सुविधा के शुरू होने से अब मस्तिष्क, नसों और रीढ़ से जुड़ी गंभीर बीमारियों का इलाज झारखंड के मरीजों को अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेगा.

निदेशक प्रो. डॉ. नितिन गंगाने ने किया उद्घाटन
नए वार्ड का उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. डॉ. नितिन एम. गंगाने ने किया. इस अवसर पर डीन डॉ. हरमिंदर सिंह सहित कई वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में मौजूद डॉक्टरों ने इसे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक पहल बताया.
डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में चलेगी यूनिट
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, वार्ड में आधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद से ब्रेन ट्यूमर, सिर की गंभीर चोट, नसों की समस्या और रीढ़ संबंधी जटिल बीमारियों का इलाज किया जाएगा. इस यूनिट का संचालन न्यूरोसर्जन डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में किया जाएगा. उनकी टीम पहले भी कई जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक कर चुकी है.
Read Also: दूध के बाद अब ब्रेड ने बढ़ाई टेंशन, कई शहरों में ₹5 तक महंगे हुए पैकेट
अब नहीं लगाना पड़ेगा बड़े शहरों का चक्कर
अब तक गंभीर न्यूरोसर्जरी इलाज के लिए मरीजों को रांची, पटना, दिल्ली या कोलकाता जैसे बड़े शहरों का सहारा लेना पड़ता था. नई सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को समय पर इलाज मिलने के साथ आर्थिक बोझ भी कम होगा.
