Saraikela: चांडिल प्रखंड के गौरी गांव में रविवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के बैनर तले ज्वाइनिंग सह जनसभा का आयोजन किया गया. बारिश के बीच सैकड़ों महिला-पुरुष कार्यक्रम में शामिल हुए और JLKM की सदस्यता ली. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रमंडल एससी मोर्चा के कोल्हान अध्यक्ष राजा कालिंदी ने की. मुख्य अतिथि के रूप में JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह ईचागढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान गांव के युवा नेतृत्वकर्ता आदित्य माहाली की विशेष सराहना की गई. पार्टी नेताओं ने कहा कि उनके प्रयास से गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष जागरूक होकर पार्टी से जुड़े.
यह भी पढ़ें: UGC NET नहीं पास? फिर भी असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का मौका,बिहार में 3000+ पदों पर भर्ती शुरू, जानें पूरी डिटेल

जनसभा में ग्रामीणों ने रखी अपनी समस्या
जनसभा में ग्रामीणों ने अपनी समस्या भी रखी. एक महिला ग्रामीण ने बताया कि गौरी गांव के स्कूल क्षेत्र की जमीन को कुछ दलालों द्वारा अधिग्रहित करने का प्रयास किया जा रहा है. उसी क्षेत्र में गांव का प्राचीन मंदिर भी स्थित है जिसकी जमीन भी धीरे-धीरे कम हो रही है. ग्रामीणों ने प्रशासन से स्कूल और मंदिर की जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की. JLKM के केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण ने मौके पर ही BDO को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी और अविलंब जांच एवं कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते संज्ञान नहीं लेता है तो झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा गांववासियों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और उनके हक-अधिकार की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेगा. तरुण महतो ने कहा कि गौरी गांव के लोगों का स्नेह और भारी बारिश के बीच मिला समर्थन प्रेरणादायक है. वे हमेशा जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे और गांव की सभी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास करेंगे.
विस्थापन को लेकर जताई गई चिंता
प्रमंडल एससी मोर्चा के कोल्हान अध्यक्ष राजा कालिंदी ने कहा कि झारखंडियों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है. उन्होंने झारखंडियों से अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया. वहीं जिला अध्यक्ष दीपक महतो ने कहा कि उद्योगों के विस्तार के नाम पर पहले भी विस्थापन हुआ है. यदि लोग संगठित नहीं हुए तो भविष्य में गौरी गांव भी प्रभावित हो सकता है. उन्होंने जल, जंगल, जमीन और झारखंडियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने की अपील की. अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष साबिर अंसारी ने कहा कि विस्थापित क्षेत्र का बेटा तरुण महतो आज जनता के बीच उनके सुख-दुख में सहभागी बनने पहुंचे हैं.

यह भी पढ़ें: डूरंड कप के लिए रांची तैयार, 26 जुलाई से बिरसा मुंडा स्टेडियम में होंगे मुकाबले
मौके पर ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला सचिव अजय महतो, प्रखंड अध्यक्ष महाराज महतो, नंदलाल महाली, केंद्रीय महिला मोर्चा की केंद्रीय उपाध्यक्ष मीनाक्षी महतो, जिला वरीय उपाध्यक्ष भानुमति महतो सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे. सैकड़ों ग्रामीणों ने झारखंडी अस्मिता, जल-जंगल-जमीन और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम का समापन झारखंड के सर्वांगीण विकास, ग्रामीण समस्याओं के समाधान और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने के संकल्प के साथ हुआ.


